केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि शिवपुरी खेल के क्षेत्र में भी नई पहचान बना रहा है। केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने गुरुवार को शिवपुरी स्थित माधवराव सिंधिया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 70वीं राष्ट्रीय स्कूल गेम्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप (अंडर-17 बालक) और प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए कहा कि शिवपुरी की धरती पर देशभर की खेल प्रतिभाओं का एकत्रित होना गौरव का विषय है। खिलाड़ी यहां केवल पदक जीतने नहीं बल्कि अपने सपनों को नई उड़ान देने और अपने प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने आए हैं।

इस दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने पिता माधवराव सिंधिया को याद करते हुए कहा कि उनका मानना था कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन नहीं बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और चरित्र निर्माण का माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि उनके पिता चाहते थे कि युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर अवसर और मंच मिले। आज इसी परिसर में देश के विभिन्न राज्यों के सैकड़ों खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाते देखकर उन्हें विशेष संतोष हो रहा है। इस परिसर को आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारने का केंद्र बनाना ही उनके पिता की सोच को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।

केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि शिवपुरी खेल के क्षेत्र में भी यह नई पहचान बना रहा है। शहर में माधवराव सिंधिया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, वीर सावरकर स्टेडियम, विजयपुर स्टेडियम और इंडोर हॉल जैसी खेल सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने विशेष रूप से मध्य प्रदेश राज्य महिला क्रिकेट अकादमी का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की पहली शासकीय महिला क्रिकेट अकादमी शिवपुरी में स्थापित होना गौरव का विषय है।

उन्होंने कहा कि जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता के आयोजन के बाद अब राष्ट्रीय स्कूल गेम्स की मेजबानी करना इस बात का प्रमाण है कि शिवपुरी राष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों के लिए अपनी क्षमताओं को लगातार विकसित कर रहा है। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शिवपुरी की उभरती खेल प्रतिभाओं की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र की बेटियां भी खेलों में लगातार अपनी पहचान बना रही हैं।

उन्होंने प्रसिद्ध क्रिकेटर कपिल यादव की पुत्रियों दक्षता यादव और लावन्या यादव का अंडर-17 मध्य प्रदेश क्रिकेट टीम में चयन होने पर उन्हें और उनके परिवार को बधाई देते हुए कहा कि इन उपलब्धियों से यह विश्वास मजबूत होता है कि शिवपुरी और आसपास के क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और अवसर उपलब्ध कराने की है।

उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों के प्रति सोच, सुविधाओं और खिलाड़ियों को मिलने वाले अवसरों में व्यापक बदलाव आया है। खेलो इंडिया कार्यक्रम के माध्यम से स्कूलों और युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा पहचानने, उन्हें प्रशिक्षण देने और प्रतियोगिताओं के अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इसका सकारात्मक परिणाम अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में भारत के प्रदर्शन में दिखाई दे रहा है। कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स और पैरा एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धियां देश की बढ़ती खेल क्षमता, मेहनत और सामर्थ्य का प्रमाण हैं। आज भारत वैश्विक खेल मंच पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है। प्रतियोगिता में 38 प्रदेशों के 765 खिलाड़ी और 120 अधिकारी भाग ले रहे हैं। शिवपुरी में पहली बार इस राष्ट्रीय स्तर की अंडर-17 बालक एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार