India U19 vs UAE U19: अंडर-19 एशिया कप 2026 के 11वें लीग स्टेज मुकाबले में भारतीय टीम ने यूएई को 70 रन से हरा दिया। मंगलवार (10 नवंबर) को ओमान क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 309 रन बनाए थे। इसके जवाब में यूएई की पूरी टीम 239 रन पर सिमट गई। वहीं इस जीत के साथ ही भारत ने सेमीफाइनल में भी अपनी जगह पक्की कर ली।

इस मैच में यूएई ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया था। भारतीय पारी की सबसे बड़ी खासियत पूर्व दिग्गज क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग की शानदार बल्लेबाजी रही। पारी की शुरुआत करने उतरे आर्यवीर ने 168 गेंदों में 160 रन बनाए। उनकी इस पारी में 17 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। 

आर्यवीर को दूसरे छोर से वीके विनीत का अच्छा साथ मिला। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए विनीत ने 69 गेंदों में 67 रन की अहम पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए 193 रन की शानदार साझेदारी हुई, जिसने भारतीय पारी को मजबूती दी। इस साझेदारी के दम पर भारत 309 रन के बड़े स्कोर तक पहुंचने में सफल रहा।

310 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूएई की टीम को अहमद खुदादाद ने संभालने की कोशिश की। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए खुदादाद ने 74 गेंदों में 74 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिला। उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज 50 रन का स्कोर पार नहीं कर सका और पूरी टीम निर्धारित 50 ओवर में 239 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

भारत की ओर से गेंदबाजी में ईशान सूद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट अपने नाम किए। वहीं मनल चौहान, आर्यन सावसानी, काव्या पटेल, मोहित उल्वा, यशवर्धन चौहान और अर्जुन राजपूत को 1-1 सफलता मिली। इस तरह बल्लेबाजों के दमदार प्रदर्शन के बाद गेंदबाजों ने भी अपना योगदान दिया और भारत ने यूएई को 70 रन से हराकर टूर्नामेंट में जीत दर्ज की। अब सेमीफाइनल में भारत का मुकाबला गुरुवार (12 नवंबर) को अफगानिस्तान से होगा।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार