एसीसी मेंस अंडर-19 एशिया कप 2026 का फाइनल मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच अल अमेरत क्रिकेट ग्राउंड में खेला जा रहा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 337 रन बनाए हैं।

खिताबी मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान अंडर-19 टीम की शुरुआत अच्छी रही। हयाम खान और उस्मान खान ने मिलकर पहले विकेट के लिए 8.1 ओवर में 62 रन जोड़े। हयाम 23 गेंदों में 21 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद उस्मान को अब्दुल कादिर का साथ मिला और दोनों ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 113 गेंदों में 135 रन की बेहतरीन साझेदारी निभाई।

अब्दुल कादिर ने महज 54 गेंदों का सामना करते हुए 80 रन की आतिशी पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी में 3 चौके और 8 छक्के लगाए। वहीं, उस्मान ने फाइनल मैच में शतकीय पारी खेली। उन्होंने 111 गेंदों का सामना करते हुए 107 रन बनाए। अपनी इस पारी में उस्मान ने 11 चौके और 3 छक्के लगाए। वहीं, कप्तान फरहान यूसुफ भी अच्छी लय में दिखाई दिए और उन्होंने 60 गेंदों का सामना करते हुए 63 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। फरहान ने अपनी इस पारी में 4 चौके और 3 छक्के लगाए।

अहमद हुसैन ने 17 रन का योगदान दिया, तो विकेटकीपर बल्लेबाज हमजा जहूर 10 रन ही बना सके। पाकिस्तान की टीम एक समय 299 रन के स्कोर पर 4 विकेट खोकर अच्छी स्थिति में दिखाई दे रही थी। हालांकि, टीम ने अंत के छह ओवरों में 5 विकेट गंवाए और सिर्फ 37 रन जोड़े। भारतीय गेंदबाज अंत के ओवरों में अच्छी वापसी करने में सफल रहे। टीम की तरफ से काव्या पटेल ने 10 ओवर में 68 रन देकर 4 विकेट चटकाए। वहीं, चिगुरुपति वेंकट ने 40 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। अर्जुन राजपूत ने भी एक विकेट झटका।

भारत अंडर-19 टीम की प्लेइंग इलेवन: लक्ष्य राजेश रायचंदानी (कप्तान), आर्यवीर सहवाग, वीके विनीत, यशबर्धन चौहान, अर्जुन राजपूत, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), मनाल चौहान, मोहित उल्वा, आर्यन सवसानी, काव्या पटेल और चिगुरुपति वेंकट।

पाकिस्तान अंडर-19 टीम की प्लेइंग इलेवन: उस्मान खान, हयाम खान, अब्दुल कादिर, फरहान यूसुफ (कप्तान), अहमद हुसैन, अली रजा, हमजा जहूर (विकेटकीपर), हसनैन अब्बास डार, मोहम्मद सय्याम, रिजवानुल्लाह और नकाब शफीक।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार