आईसीसी विमेंस इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी 2026 में पाकिस्तान ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को 8 विकेट से हराया। वहीं, नीदरलैंड्स ने थाईलैंड के खिलाफ 5 विकेट से जीत दर्ज की। पापुआ न्यू गिनी को स्कॉटलैंड के खिलाफ 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा।

संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अजमान के करवां क्रिकेट ग्राउंड में बांग्लादेश की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 108 रन ही बना सकी। टीम की ओर से निगार सुल्ताना ने सर्वाधिक 27 रन बनाए, जबकि शोर्ना अख्तर 20 गेंदों में 21 रन बनाकर नाबाद रहीं। पाकिस्तान की ओर से गेंदबाजी में तूबा हसन ने सर्वाधिक 3 विकेट चटकाए, जबकि नाशरा संधू ने 2 विकेट अपने नाम किए। मोमिना रियासत और उम्म-ए-हानी ने एक-एक विकेट चटकाया।

पाकिस्तान ने 109 रनों के लक्ष्य को 15.5 ओवर में सिर्फ 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। टीम की ओर से सदाफ शमास ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 37 रनों का योगदान दिया। वहीं, कप्तान मुनीबा अली 31 रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि आयशा जफर भी 18 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 27 रन बनाकर नाबाद रहीं। शवाल जुल्फिकार ने 6 गेंदों में 16 रन बनाए।

टूर्नामेंट के चौथे मैच में थाईलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 2 विकेट गंवाकर 136 रन बनाए। टीम की ओर से नत्थकन चंथम ने 55 रन बनाए, जबकि नन्नापत कोंचारोएनकाई 54 रन बनाकर नाबाद रहीं। हालांकि, नीदरलैंड्स ने 137 रनों के लक्ष्य को 19.3 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। टीम की तरफ से हीदर सीगर्स ने 28 गेंदों में 42 रनों की दमदार पारी खेली, जबकि स्टर्रे कालिस 33 रन बनाकर नाबाद रहीं।

पापुआ न्यू गिनी के खिलाफ स्कॉटलैंड का प्रदर्शन दमदार रहा। स्कॉटलैंड ने एकतरफा मुकाबले में 7 विकेट से जीत दर्ज की। पापुआ न्यू गिनी की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 93 रन बनाकर ऑलआउट हुई। टीम की तरफ से पाउके सियाका ने सर्वाधिक 24, जबकि तान्या रूमा ने 22 रन बनाए। स्कॉटलैंड ने 94 रनों के लक्ष्य को सिर्फ 13.1 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। कैथरीन फ्रेजर ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 29 गेंदों में 45 रनों की दमदार पारी खेली।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार