आईपीएल 2026 के 49वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने पंजाब किंग्स को 33 रन से हराकर टूर्नामेंट में अपनी सातवीं जीत हासिल कर ली और अंक तालिका में 14 अंकों के साथ पहला स्थान भी हासिल कर लिया। इस मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 235 रन बनाए थे लेकिन पंजाब किंग्स की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 202 रन ही बना पाई और 33 रन से ये मैच हार गई।
मैच में पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पहले फील्डिंग का फैसला किया लेकिन हैदराबाद के बल्लेबाजों ने श्रेयस अय्यर के इस फैसले को गलत साबित करते हुए स्कोरबोर्ड पर 235 रनों का बड़ा स्कोर लगा दिया। हैदराबाद के लिए उनके ओपनर्स ने एक बार फिर से तूफानी शुरुआत की और 3.3 ओवर्स में ही 54 रन बना दिए।
अभिषेक शर्मा ने आउट होने से पहले 13 गेंदों में 35 रनों की तूफानी पारी खेली जबकि ट्रेविस हेड ने भी 19 गेंदों में 38 रन बनाए। इसके बाद नंबर तीन पर आए ईशान किशन ने मोर्चा संभाला और पंजाब के गेंदबाजों की धुनाई करते हुए 32 गेंदों में 55 रन बना दिए। किशन के आउट होने के बाद भी रनों का सिलसिला नहीं रुका और हेनरिक क्लासेन ने भी (69) अर्द्धशतक लगाकर अपनी टीम को 200 के पार ले जाने में अहम भूमिका निभाई। अंत में नीतिश कुमार रेड्डी ने भी 29 रनों का अहम योगदान दिया जिसके चलते सनराइजर्स हैदराबाद की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट खोकर 235 रन बनाने में सफल रही।
इसके बाद जब पंजाब की टीम सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 236 रनों का पीछा कर रही थी तो उन्हें अपने ओपनर्स से अच्छी शुरुआत की दरकार थी लेकिन इस बार ऐसा ना हुआ और ओपनर प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह पहली सात गेंदों के अंदर ही आउट हो गए। आर्या पहले ही ओवर में सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें पैट कमिंस ने अपना शिकार बनाकर पंजाब को सबसे बड़ा झटका दिया।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके बाद दूसरे ओवर की पहली ही गेंद पर प्रभसिमरन भी बिना खाता खोले आउट हो गए। यहां तक कि पावरप्ले में ही कप्तान श्रेयस अय्यर भी सिर्फ 5 रन बनाकर ईशान मलिंगा का शिकार बन गए। इसके बाद तो पंजाब की हार जैसे तय सी हो गई और टीम बस एक साझेदारी के लिए तरसती रही। एक छोर पर कूपर कोनोली अंत तक डटे रहे और शतक (107) बनाकर नाबाद रहे लेकिन दूसरे छोर से उन्हें किसी भी बल्लेबाज का साथ नहीं मिला। कोनोली के अलावा मार्कस स्टोइनिस ने 28 और सूर्यांश शेडगे ने 25 रन बनाए लेकिन ये रन नाकाफी थे और अंत में पंजाब की टीम को लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा। पूरी टीम निर्धारित 20 ओवर में 202 रन ही बना पाई और 33 रन से मैच हार गई। हैदराबाद के लिए पैट कमिंस और शिवांग कुमार ने 2-2 विकेट लिए।