Vaibhav Sooryavanshi Emotional Video: शुभमन गिल (Shubman Gill) की कैप्टेंसी वाली गुजरात टाइटंस की टीम (Gujarat Titans) ने बीते शुक्रवार, 29 मई को IPL 2026 के क्वालीफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) को 7 विकेट से मात देकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। गौरतलब है कि मुल्लांपुर में राजस्थान को मिली हार के बाद टीम के 15 साल के सलामी बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) पूरी तरह टूट गए और काफी इमोशनल नज़र आए। ये दिल तोड़ने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
इस 48 सेकंड के वीडियो में देखा जा सकता है कि वैभव ऑरेंज कैप (टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन) पहनकर डगआउट में बैठे होते हैं और बेहद तकलीफ के साथ खुद के आंसू रोकने की कोशिश करते हैं। हालांकि इसके बावजूद वो एक समय काफी इमोशनल हो जाते हैं और फिर उनके आंसू झलक ही उठते हैं। इस दौरान RR के कुछ मेंबर उन्हें दिलासा देने की कोशिश करते हैं। आप ये वीडियो नीचे देख सकते हो।
शायद आपको यकीन नहीं होगा, लेकिन 15 साल के वैभव मुल्लांपुर के मैदान पर किसी युद्धा की तरह राजस्थान रॉयल्स के लिए एक छोर संभालकर खड़े थे। उन्होंने एक मुश्किल पिच पर कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और राशिद खान जैसे दिग्गज गेंदबाज़ों का सामना किया और 47 गेंदों पर 8 चौके 7 छक्के ठोककर 96 रनों की धमाकेदार पारी खेली।
इतना ही नहीं, छोटी उम्र के वैभव ने पूरे IPL19 में ही दुनिया के हर क्रिकेट फैन का दिल जीता और 16 मैचों में 48.50 की औसत और 237.30 की स्ट्राइक रेट से 776 रन ठोके। उन्होंने टूर्नामेंट में 1 सेंचुरी और 5 हाफ सेंचुरी लगाई। खास बात तो ये है कि टूर्नामेंट का ऑरेंज कैप अभी भी उनके ही नाम दर्ज है। इस टूर्नामेंट में दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी गुजरात टाइटसं के कैप्टन शुभमन गिल हैं, जिन्होंने 15 मैचों में 722 रन बनाए हैं। उनका औसत 48.13 और स्ट्राइक रेट 163.71 रहा है।
ऐसा रहा मैच का हाल: IPL19 का क्वालीफायर-2 मुल्लांपुर के PCA स्टेडियम में खेला गया था जहां राजस्थान रॉयल्स ने वैभव सूर्यवंशी (47 गेंदों पर 96 रन) की शानदार पारी के दम पर 215 रनों का लक्ष्य स्कोर बोर्ड पर टांगा। इसके जवाब में गुजरात टाइटंस के लिए कैप्टन शुभमन गिल ने 53 गेंदों पर 104 रनों की शतकीय पारी खेली।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसी के दम पर टीम ने 18.4 ओवर में 215 रन बनाकर राजस्थान रॉयल्स पर 7 विकेट से जीत दर्ज की। यानी उन्हें भी फाइनल का टिकट मिल गया है और अब वो खिताबी जंग के लिए अहमदाबाद में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से भिड़ते नज़र आएंगे।