टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में भारत को जिस ब्रेकथ्रू की तलाश थी, वो वरुण चक्रवर्ती ने दिला दी। पावरप्ले के बाद वेस्टइंडीज की जोड़ी जम चुकी थी, लेकिन एक शानदार गूगली ने इसे तोड़ भारत को पहली सफलता दिलाई।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 स्टेज का आखिरी मुकाबला रविवार (1 मार्च) को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेला जा रहा है। इस अहम मैच में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। जो भी टीम यह मुकाबला जीतेगी, उसे ग्रुप-1 से सेमीफाइनल का टिकट मिलना है, ऐसे में मुकाबले का दबाव साफ महसूस हो रहा है।
वेस्टइंडीज की शुरुआत संभली हुई रही। सलामी बल्लेबाज शाई होप और रोस्टन चेज ने बिना जोखिम लिए रन बटोरते हुए पहले विकेट के लिए 53 गेंदों में 68 रन जोड़ दिए। भारतीय गेंदबाजों को विकेट नहीं मिल रहा था और कैरेबियाई जोड़ी धीरे-धीरे मैच पर पकड़ मजबूत कर रही थी।
ऐसे में कप्तान ने गेंद थमाई मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को। पारी का 9वां ओवर चल रहा था और आखिरी गेंद पर वरुण ने 99.2 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गूगली डाली। गेंद ऑफ स्टंप के आसपास पिच होकर अंदर की तरफ तेज़ी से मुड़ी। शाई होप बैकफुट पर जाकर शॉट खेलना चाहते थे, लेकिन लाइन को ठीक से पढ़ नहीं पाए और बल्ला शरीर से दूर चला गया। गेंद स्किड होकर सीधा मिडल स्टंप से टकराई और गिल्लियां बिखर गईं। इसी के साथ 68 रन की ओपनिंग साझेदारी टूट गई और भारत को बेहद जरूरी पहली सफलता मिल गई।
VIDEO:
इस मुकाबले के लिए वेस्टइंडीज ने एक बदलाव करते हुए सलामी बल्लेबाज ब्रैंडन किंग की जगह स्पिन ऑलराउंडर अकील हुसैन को टीम में शामिल किया है। वहीं भारतीय टीम पिछले मैच की विनिंग प्लेइंग इलेवन के साथ उतरी है।
टीमें इस मैच के लिए
भारत (प्लेइंग XI): संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।
Also Read: LIVE Cricket Score
वेस्टइंडीज (प्लेइंग XI) : शाई होप (विकेटकीपर/कप्तान), शिमरोन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोस्टन चेज, रोमारियो शेफर्ड, जेसन होल्डर, मैथ्यू फोर्ड, अकील हुसैन, गुडाकेश मोती, शमर जोसेफ।