Vijay Shankar Catch: भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर विजय शंकर (Vijay Shankar) मौजूदा समय में European T20 Premier League 2026 टूर्नामेंट खेल रहे हैं। वो रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) की कैप्टेंसी वाली Dublin Guardians का हिस्सा हैं और उन्होंने टूर्नामेंट के 23वें मुकाबले में Glasgow Cosmic के खिलाफ अपनी बैटिंग और फील्डिंग दोनों से ही प्रभावित किया है। ETPL ने सोशल मीडिया पर विजय शंकर का एक वीडियो साझा किया है जिसमें वो बाउंड्री पर फिन एलन (Finn Allen) का करिश्माई कैच पकड़ते दिखे हैं।
विजय शंकर ने पकड़ा हैरतअंगेज कैच: विजय शकंर का ये शानदार कैच ग्लासगो कॉस्मिक की पारी के 9वें ओवर में देखने को मिला। डबलिन गार्डियंस के लिए हरफनमौला खिलाड़ी जॉर्ज डॉकरेल गेंदबाज़ी कर रहे थे जिनकी चौथी गेंद पर विपक्षी बल्लेबाज़ फिन एलन ने बड़ा छक्का मारने के इरादे से हवाई शॉट खेला।
फिन एलन ने गेंद को अच्छे से टाइम किया था और एक समय ऐसा लगा था कि उन्हें पूरे छह रन मिलेंगे, लेकिन तभी विजय शंकर, जो कि लॉन्ग-ऑन बाउंड्री पर खड़े थे, ने करिश्मे को अंजाम दिया और एक पैर पर खड़े होकर शानदार कैच लपका। गौरतलब है कि विजय शंकर का ऐसा शानदार कैच देखकर फिन एलन पूरी तरह दंग रह गए और उनका मुंह खुला का खुला रह गया। आप नीचे वीडियो देख सकते हो।
विजय शंकर ने ठोका अर्धशतक: डबलिन के मैदान पर विजय शंकर ने अपनी बल्लेबाज़ी से भी दिल जीता और डबलिन गार्डियंस के लिए नंबर-5 पर बल्लेबाज़ी करके 43 गेंदों पर 67 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने 6 चौके 3 छक्के लगाकर ये रन बनाए जिसके दौरान उनका स्ट्राइक रेट 155.81 रहा।
मैच का हाल: डबलिन के द विलेज स्टेडियम में डबलिन गार्डियंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी चुनी थी जिसके बाद उन्होंने विजय शंकर के अर्धशतक के दम पर 159 रन बनाए। वो पूरे 20 ओवर नहीं खेल पाए और 19.3 ओवर में ऑलआउट हुए।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके जवाब में ग्लासगो कॉस्मिक के लिए कप्तान जॉर्ज मुंसे ने 33 गेंदों पर नाबाद 50 रन ठोके, वही फिन एलन ने 27 गेंदों पर 30 रन, मोइसेस हेनरिक्स ने 23 गेंदों पर 25 रन और लियाम लिविंगस्टोन ने 17 गेंदों पर 29 रनों की पारी खेली। उनके अलावा रिची बेरिंगटन ने भी 6 गेंदों पर नाबाद 15 रन बनाए जिसके दम पर टीम ने 18.5 ओवर में 160 रनों का लक्ष्य हासिल करके 6 विकेट से जीत दर्ज की।