Ishan Kishan Catch: भारतीय टीम के विस्फोटक विकेटकीपर बल्लेबाज़ ईशान किशन (Ishan Kishan) ने बीते बुधवार, 04 फरवरी को साउथ अफ्रीका के खिलाफ आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 (ICC T20 World Cup 2026) के वॉर्म-अप मुकाबले में अपनी बैटिंग और विकेटकीपिंग दोनों से ही फैंस का दिल जीत लिया। गौरतलब है कि इस मुकाबले में उन्होंने डेविड मिलर (David Miller) का एक बेहद ही शानदार कैच पकड़ा जिसे देखकर संजू सैमसन (Sanju Samson) के फैंस भी खुश हो जाएंगे और Wow कहेंगे।
दरअसल, ईशान किशन का ये कैच साउथ अफ्रीका की पारी के 11वें ओवर में देखने को मिला। भारत के लिए ये ओवर टीम के उपकप्तान अक्षर पटेल करने आए थे जिनकी तीसरी गेंद पर डेविड मिलर ने एक बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में गलती कर दी। यहां अक्षर का गेंद उनके बैट के अंदरूनी हिस्से से टकराया और फिर सीधा विकेटकीपर ईशान की तरफ चला गया।
ICC ने खुद अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से इस घटना का वीडियो साझा किया है जिसमें आप देख सकते हो कि यहां ईशान किशन पहली कोशिश में गेंद को लपक नहीं पाते, लेकिन इसके बावजूद वो हार नहीं मानते और आखिर में अपनी दाईं ओर डाइव करके गज़ब का कैच लपक लेते हैं। आप ये वीडियो नीचे देख सकते हो।
बताते चलें कि वॉर्म-अप मुकाबले में ईशान किशन ही अभिषेक शर्मा के साथ भारत के लिए सलामी बल्लेबाज़ी करने आए थे और उन्होंने सिर्फ 20 गेंदों पर 2 चौके और 7 छक्के ठोकते हुए 53 रन बनाए। खास बात ये भी है कि उन्हें साउथ अफ्रीका का कोई भी गेंदबाज़ आउट कर सका जिसके बाद वो खुद रिटायर्ड आउट होकर पवेलियन लौटे। इसके अलावा विकेटकीपिंग करते हुए ईशान किशन ने डेविड मिलर (10 गेंदों पर 13 रन) के अलावा रयान रिकेल्टन (21 गेंदों पर 44 रन) का भी कैच लपका।
बात करें अगर इस मुकाबले की तो मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में भारत ने 241 रनों का टारगेट स्कोरबोर्ड पर टांगा था जिसका पीछा करते हुए साउथ अफ्रीका की टीम 7 विकेट खोकर 210 रन ही बना पाई और इस तरह टीम इंडिया ने 30 रनों से ये मुकाबला जीता।
Also Read: LIVE Cricket Score
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान) अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, वाशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, कुलदीप यादव।