Jasprit Bumrah Emotional Video: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन (IPL 2026) का 24वां मुकाबला बीते गुरुवार, 16 अप्रैल को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया था जहां पंजाब किंग्स (Punjab Kings) की टीम ने महज़ 16.3 ओवर में 196 रनों का लक्ष्य हासिल करके मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) को 7 विकेट से मात दी। गौरतलब है कि इस मुकाबले में भी MI के दिग्गज तेज गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) को कोई विकेट नहीं मिला, जिस वज़ह से वो अपना स्पेल पूरा करने के लिए काफी इमोशनल दिखे।
जी हां, ऐसा ही हुआ। दरअसल, सोशल मीडिया पर जसप्रीत बुमराह का एक 16 सेकंड का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें वो काफी निराश दिख रहे हैं। ध्यान देने वाली बात ये है कि वो बेहद दुखी होने के बावजूद सिर्फ हंसते रहते हैं और अपना दुख छिपाने की कोशिश करते हैं। आप नीचे ये वीडियो देख सकते हो।
बताते चलें कि IPL 2026 में जसप्रीत बुमराह लगातार पांच मुकाबलों में विकेटलेस रहे हैं। उन्होंने मौजूदा सीजन 114 बॉल डालने के बावजूद कोई भी विकेट नहीं लिया है। इतना ही नहीं, आईपीएल के पिछले छह मुकाबलों में उनके नाम एक भी विकेट नहीं हैं। ये जसप्रीत बुमराह के आईपीएल करियर की सबसे लंबी विकेटलेस स्ट्रीक है। इससे पहले वो साल 2014 में लगातार चार मैचों में कोई विकेट नहीं ले पाए थे।
आपको ये जानकार भी हैरानी होगी कि जसप्रीत बुमराह जहां एक तरफ पंजाब किंग्स के सामने कोई विकेट नहीं ले पाए, वहीं दूसरी तरफ उन्होंने अपने कोटे के चार ओवर में 10.25 की इकोनॉमी से पूरे 41 रन खर्चे। वो साल 2026 के आईपीएल में अब तक 5 मैचों में 19 ओवर गेंदबाज़ी करके बिना सफलता हासिल किए 164 रन दे चुके हैं। यही वज़ह है बुमराह खुद से ही निराश हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
बात करें अगर साल 2026 के आईपीएल पॉइंट्स टेबल पर मुंबई इंडियंस की पॉजिशन की तो वो अपने शुरुआती पांच मैचों के बाद सिर्फ एक जीत हासिल करके 9वें स्थान पर लुढ़क गए है। उनके बाद इस लिस्ट में सिर्फ केकेआर हैं जिन्होंने अपने पांच मैचों में से एक भी मैच नहीं जीता है। दूसरी तरफ पॉइंट्स टेबल के टॉप पर पंजाब किंग्स हैं, जिन्होंने 5 मैचों में से 4 मैच जीते और 9 अंक हासिल किए हैं।