Vaibhav Sooryavanshi Injury Video: शुभमन गिल (Shubman Gill) की कैप्टेंसी वाली गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) की टीम ने इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन (IPL 2026) के 52वें मुकाबले में 229 रन डिफेंड करके राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) को 77 रनों से मात दी। गौरतलब है कि इसी बीच GT के तेज गेंदबाज़ मोहम्मद सिराज (Mohammed Siraj) ने RR के 15 साल के बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) को अपनी घातक यॉर्कर से चोटिल किया जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
दरअसल, ये पूरी घटना राजस्थान रॉयल्स की इनिंग के पहले ही ओवर में घटी। गुजरात टाइटंस के लिए ये ओवर तेज गेंदबाज़ मोहम्मद सिराज करने आए थे जिनकी दूसरी ही गेंद पर स्ट्राइक मिलते ही वैभव सूर्यवंशी ने लॉन्ग-ऑन की तरफ छक्का जड़ दिया। 15 साल के बच्चे से पिटाई होती देख मोहम्मद सिराज गुस्सा हो गए और उन्होंने अगली ही गेंद एक इनस्विंग यॉर्कर फेंक दी।
ये एक काफी तेज बॉल था, जिसे वैभव अपने बैट से मिडिल नहीं कर पाए और वो उनके बैट के ऐज से टकराकर सीधा उनके पैर पर लगी। इसके बाद होना क्या था, वैभव दर्द से तड़प गए और जमीन पर लेट गए। ऐसे में तुरंत ही गेम रोकना पड़ा और मेडिकल टीम उनकी मदद के लिए ग्राउंड में आई। हालांकि राहत की बात ये रही कि वो कुछ ही देर में काफी बेहतर महसूस करने लगे और बैटिंग के लिए खड़े हो गए।
वो खेलते हुए दर्द से दिख रहे थे और भागते हुए लड़खड़ा भी रहे थे, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने 16 गेंदों पर 3 चौके और 3 छक्के ठोकते हुए 225 की तूफानी स्ट्राइक रेट से 36 रन बनाए। खास बात तो ये है कि उन्होंने मोहम्मद सिराज के दूसरे ओवर में तीन चौके भी ठोके, हालांकि इसके बाद सिराज ने एक बाउंसर डालकर उन्हें आउट भी कर दिया।
बताते चलें कि राजस्थान रॉयल्स की टीम ये मुकाबला हार गई थी जिसके कारण खेल खत्म होने के बाद वैभव थोड़ा निराश दिखे, लेकिन दूसरी तरफ वो बिना किसी दर्द से चलते फिरते भी नज़र आए जिससे ये संकेत मिल रहे हैं कि उनकी इंजरी गंभीर नहीं है। वो IPL के मौजूदा सीजन में राजस्थान के सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने 11 मैचों में 40 की औसत और 236.55 की स्ट्राइक रेट से 440 रन ठोके हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
बात करें अगर IPL 2026 पॉइंट्स टेबल की तो राजस्थान रॉयल्स (11 मैचों में 12 अंक) की टीम प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है हालांकि वो गुजरात टाइटंस से मिली हार के बाद अब एक पायदान नीचे पांचवीं पॉजिशन पर खिसक गई है। टॉप-4 में अब सनराइजर्स हैदराबाद (11 मैचों में 14 अंक), गुजरात टाइटंस (11 मैचों में 14 अंक), पंजाब किंग्स (10 मैचों में 13 अंक) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (10 मैचों में 12 अंक) है। वहीं आखिर में मुंबई इंडियंस (10 मैचों में 6 अंक) और लखनऊ सुपर जायंटस (10 मैचों में 6 अंक) हैं।