आईपीएल 2026 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स को बड़ा झटका लग सकता है, क्योंकि तेज गेंदबाज हर्षित राणा चोट की वजह से पूरे सीजन से बाहर हो सकते हैं। ऐसे में टीम उनके रिप्लेसमेंट की तलाश में जुटी है और ट्रायल के बाद एक अनकैप्ड भारतीय तेज गेंदबाज का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है।
22 मार्च से खेले जाने वाले आईपीएल 2026 के शुरू होने से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए एक बड़ी चिंता सामने आ गई है। टीम के उभरते हुए तेज गेंदबाज हर्षित राणा चोट के कारण इस सीजन से बाहर हो सकते हैं। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक उनके खेलने की संभावना काफी कम मानी जा रही है।
हर्षित राणा ने 2024 और 2025 के बीच कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए शानदार प्रदर्शन किया था। वह 2024 में टीम के खिताबी अभियान का हिस्सा रहे थे और इस सीजन हर्षित ने 13 मैचों में 20.16 की औसत से 19 विकेट चटकाए थे। वहीं पिछले सीजन में भी उन्होंने 15 विकेट लेकर टीम के लिए तेज गेंदबाजी में अहम भूमिका निभाई थी।
गौरतलब है कि हर्षित को साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के वार्म-अप मैच के दौरान घुटने में चोट आई थी, जिसके बाद वह पूरे टूर्नामेंट में बाहर हो गए थे और भारतीय टीम को उनकी जगह मोहम्मद सिराज को शामिल करना पड़ा था। कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए परेशानी इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि उनके विदेशी तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना की फिटनेस को लेकर भी स्थिति साफ नहीं है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान लगी चोट के कारण उनके खेलने पर भी सवाल बने हुए हैं।
इसी बीच कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि हर्षित राणा की जगह लेने के लिए दिल्ली के तेज गेंदबाज सिमरजीत सिंह का नाम सबसे आगे चल रहा है। बताया जा रहा है कि केकेआर ने कई तेज गेंदबाजों को ट्रायल के लिए बुलाया था, जिनमें सिमरजीत सिंह ने टीम मैनेजमेंट को सबसे ज्यादा प्रभावित किया।
Also Read: LIVE Cricket Score
लंबे कद के इस तेज गेंदबाज की खासियत उनकी तेज रफ्तार और सटीक यॉर्कर है। सिमरजीत सिंह ने 2022 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल डेब्यू किया था और फ्रेंचाइजी के लिए 10 मैच खेलते हुए 9 विकेट लिए थे। इसके बाद 2025 की ऑक्शन में उन्हें सनराइजर्स हैदराबाद ने खरीदा था, लेकिन इस सीजन में उनका प्रदर्शन खास नहीं रहा। उन्होंने चार मैचों में सिर्फ दो विकेट लिए और महंगे भी साबित हुए। ऐसे में देखना होगा कि वाकई ये गेंदबाज इस सीजन कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए हर्षित राणा की रिप्लेसमेंट बनता है या नहीं।