आईसीसी विमेंस इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी 2026 में श्रीलंका ने यूएई को 5 विकेट से मात देकर जीत का 'चौका' लगाया, जबकि आयरलैंड ने पापुआ न्यू गिनी (पीएनजी) को 45 रन से हराया। आइए, 'ग्रुप-ए' के इन मुकाबलों के बारे में जानते हैं।

यूएई बनाम श्रीलंका: सेवन डिस्ट्रिक्ट्स ग्राउंड पर खेले गए 'ग्रुप-ए' के इस मुकाबले में श्रीलंका ने 5 विकेट से जीत हासिल की। टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी यूएई की टीम ने निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर 106 रन बनाए। ईशा ओझा ने तीर्था सतीश के साथ 13.2 ओवरों में 70 रन की साझेदारी की। 13.2 ओवर में ईशा, निमाशा मीपेज की गेंद पर कैच आउट हुईं। ईशा ने 41 गेंदों में 2 चौकों के साथ 42 रन की पारी खेली।

रिनिथा राजित तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरीं, लेकिन पहली ही गेंद पर मीपेज ने उन्हें बोल्ड कर दिया। रिनिथा अपना खाता तक नहीं खोल सकीं। इसके बाद टीम के खाते में सिर्फ 36 रन जुड़ सके। 20वें ओवर में इस टीम को तीन झटके लगे। विपक्षी खेमे से 'प्लेयर ऑफ द मैच' कविशा दिलहारी ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि मीपेज ने 2 विकेट चटकाए।

इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम ने 15 ओवरों में जीत हासिल कर ली। विष्मी गुणरत्ने ने संजना कविंदी के साथ पहले विकेट के लिए 21 रन की साझेदारी की। तीसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर टीम को संजना के रूप में शुरुआती झटका लगा, जो 10 गेंदों में 13 रन बनाकर आउट हुईं। अगली गेंद पर इमेशा दुलानी (0) भी पवेलियन लौट गईं।

यहां से गुणरत्ने ने कौशानी नुथ्यंगना के साथ तीसरे विकेट के लिए 48 गेंदों में 67 रन की साझेदारी करते हुए टीम को किसी तरह 88 के स्कोर तक पहुंचाया। कौशानी (25) के आउट होने के बाद गुणरत्ने ने मोर्चा संभालते हुए टीम को 5 ओवर शेष रहते जीत दिलाई। गुणरत्ने 45 गेंदों में 2 छक्कों और 4 चौकों के साथ 63 रन बनाकर नाबाद रहीं। विपक्षी खेमे से इंदुजा नंदकुमार, हीना होतचंदानी और ईशा ओझा ने 1-1 विकेट हासिल किया।

आयरलैंड बनाम पापुआ न्यू गिनी: दिन के अंतिम मैच में आयरलैंड ने 45 रन से जीत हासिल की। अमजान स्थित कारवान क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए ग्रुप-ए के इस मुकाबले में आयरलैंड ने कप्तान गैबी लुईस (60) और लुईस लिटिल (33) की मदद से 4 विकेट खोकर 155 रन बनाए। विपक्षी खेमे से हेनाओ थॉमस ने सर्वाधिक 3 विकेट निकाले।

इसके जवाब में पापुआ न्यू गिनी की टीम निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर 110 रन ही बना सकी। इस टीम ने महज 5 के स्कोर पर सिबोना जिमी (4) का विकेट खो दिया था, जिसके बाद नाओनी वारे (39) ने तान्या रुमा (18) के साथ दूसरे विकेट के लिए 48 रन, जबकि पाउके सियाका (20) के साथ तीसरे विकेट के लिए 33 रन जोड़कर टीम को 15.2 ओवरों में 86 के स्कोर तक पहुंचाया, लेकिन इसके बाद टीम के खाते में सिर्फ 13 रन ही जुड़ सके। विपक्षी खेमे से कारा मरे ने 12 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि जॉर्जिना डेम्पसी और जेन मैगुइरे को 2-2 विकेट हाथ लगे।

इससे पहले, सोमवार सुबह खेले गए ग्रुप-बी के मुकाबलों में नीदरलैंड ने बांग्लादेशी टीम को 5 विकेट से मात देकर बड़ा उलटफेर किया, जबकि पाकिस्तान ने जिम्बाब्वे पर 51 रन से जीत हासिल की।

आईसीसी विमेंस इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी 2026 की प्वाइंट्स टेबल पर नजर डालें, तो ग्रुप-ए में श्रीलंका शुरुआती 4 मैच जीतकर शीर्ष पर है, जबकि आयरलैंड और स्कॉटलैंड 3 में से 2 मैच अपने नाम करते हुए क्रमश: दूसरे और तीसरे पायदान पर मौजूद है। चौथे पायदान पर खड़ी यूएई और पांचवें स्थान पर मौजूद पॉपुआ न्यू गिनी शुरुआत तीनों मैच गंवा चुकी है।

वहीं, ग्रुप-बी में पाकिस्तान 4 में से 3 मैच जीतकर टॉप पर है, जबकि शुरुआती तीनों मुकाबले अपने नाम कर चुकी नीदरलैंड की टीम दूसरे स्थान पर मौजूद है। बांग्लादेश और जिम्बाब्वे ने 3 में से 1 मैच जीते हैं। ये टीमें क्रमश: तीसरे और चौथे स्थान पर हैं। शुरुआती तीनों मैच गंवा चुकी थाईलैंड की टीम सबसे अंतिम पायदान पर है।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार