आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 के 37वें मैच में भारत ने विराट कोहली के शतक, श्रेयस अय्यर के अर्धशतक और रविंद्र जडेजा की शानदार गेंदबाजी की मदद से साउथ अफ्रीका को 243 रन के विशाल अंतर से हरा दिया। ये भारत की 8 मैचों में लगातार 8वीं जीत है। इस मैच में फॉर्म में चल रहे साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन करने में फेल रहे। दोनों ही टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर चुकी हैं।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवरों में 5 विकेट खोकर 326 रन का स्कोर बनाया। भारत की तरफ से सबसे ज्यादा रन विराट कोहली ने बनाये। उन्होंने 121 गेंद में 10 चौको की मदद से 101* रन की शतकीय पारी खेली। ये विराट का 49वां शतक है। इसी के साथ उन्होंने सचिन तेंदुलकर के सबसे ज्यादा (49) वन शतकों की बराबरी कर ली। आज उनका जन्मदिन भी है।
श्रेयस अय्यर ने 87 गेंद में 7 चौको और 2 छक्कों की मदद से 77 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। कोहली और अय्यर ने दूसरे विकेट के लिए 134(158) रन की शतकीय साझेदारी निभाई। कप्तान रोहित शर्मा ने 24 गेंद में 6 चौको और 2 छक्कों की मदद से 40 रन की पारी खेली। अंत में रविंद्र जडेजा ने 15 गेंद में 3 चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 29 रन बनाये। साउथ अफ्रीका की तरफ से एक-एक विकेट मार्को यानसेन, कागिसो रबाडा, तबरेज़ शम्सी, लुंगी एनगिडी और केशव महाराज को मिला।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की टीम 27.1 ओवर में 83 रन पर लुढ़क गयी। साउथ अफ्रीका की तरफ से सबसे ज्यादा रन मार्को यानसेन ने बनाये। उन्होंने 30 गेंद में एक चौके की मदद से 14 रन बनाये। रासी वैन डेर डुसेन ने 32 गेंद में एक चौके की मदद से 13 रन बनाये। टेम्बा बावुमा और डेविड मिलर ने क्रमशः 11(19) और 11(11) रन का योगदान दिया। भारत की तरफ से सबसे ज्यादा 5 विकेट जडेजा ने अपनी झोली में डाले। जडेजा युवी के बाद दूसरे स्पिनर है जिन्होंने 5 विकेट लिए है। जड्डू के अलावा अफ्रीका के खिलाफ मोहम्मद शमी और कुलदीप यादव ने 2-2 विकेट हासिल किये। वहीं मोहम्मद सिराज एक विकेट लेने में सफल रहे।
भारत की प्लेइंग इलेवन: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, रविंद्र जड़ेजा, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज।
Also Read: Live Score
साउथ अफ्रीका की प्लेइंग इलेवन: क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), टेम्बा बावुमा (कप्तान), रासी वैन डेर डुसेन, एडेन मार्करम, हेनरिक क्लासेन, डेविड मिलर, मार्को यानसेन, केशव महाराज, तबरेज़ शम्सी, कागिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी।