बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास और ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अभिनव बिंद्रा ने जय शाह को बधाई दी है। जय शाह को निर्विरोध रूप से दूसरे कार्यकाल के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) का फिर से अध्यक्ष चुना गया है। मन्हास और बिंद्रा ने क्रिकेट के वैश्विक विकास में उनके योगदान की सराहना की और लॉस एंजिल्स ओलंपिक खेलों 2028 में क्रिकेट की वापसी से मिलने वाले अवसरों पर जोर दिया।

बाली में हुई आईसीसी बोर्ड की बैठक में जय शाह की दोबारा नियुक्ति की पुष्टि की गई। इस फैसले से नेतृत्व में निरंतरता बनी रहेगी, क्योंकि आईसीसी क्रिकेट की पहुंच बढ़ाने, इसके अंतरराष्ट्रीय ढांचे को मजबूत करने और एक सदी से भी अधिक समय के बाद ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी की तैयारी कर रही है।

अपने बधाई संदेश में बीसीसीआई अध्यक्ष मन्हास ने जय शाह के नेतृत्व और विजन की तारीफ की। उन्होंने कहा कि क्रिकेट को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने में शाह के काम ने अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने बीसीसीआई की ओर से भी शुभकामनाएं दीं और भरोसा जताया कि शाह का यह दूसरा कार्यकाल खेल के लिए और भी नए अवसर लेकर आएगा।

मन्हास ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कहा, "इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) के अध्यक्ष के रूप में फिर से चुने जाने पर आपको बहुत-बहुत बधाई, जय शाह। यह आपकी काबिलियत का ही नतीजा है। आपके नेतृत्व, स्पष्ट विजन और क्रिकेट के प्रति आपकी अटूट प्रतिबद्धता काबिले तारीफ है। खेल के विकास और उसे वैश्विक पहचान दिलाने में आपने जो योगदान दिया है, वह वाकई प्रेरणादायक है। मुझे व्यक्तिगत रूप से और बीसीसीआई की ओर से आपको बधाई देते हुए बहुत खुशी हो रही है। आपकी निरंतर सफलता के लिए हमारी शुभकामनाएं। उम्मीद है कि आपका यह कार्यकाल और भी बड़ी उपलब्धियां लेकर आएगा और विश्व क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के अवसर प्रदान करेगा।"

अभिनव बिंद्रा ने भी जय शाह को बधाई दी और लॉस एंजिल्स ओलंपिक कार्यक्रम में क्रिकेट को शामिल किए जाने के महत्व पर प्रकाश डाला। पूर्व शूटर बिंद्रा ने कहा कि इससे क्रिकेट को दुनिया भर के और अधिक दर्शकों तक पहुंचने में मदद मिलेगी और यह युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरित करेगा।

उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, "दूसरे कार्यकाल के लिए आईसीसी चेयरमैन के रूप में फिर से नियुक्त होने पर जय शाह को हार्दिक बधाई। क्रिकेट के लिए यह एक बहुत ही रोमांचक समय है। लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक खेलों में इसकी वापसी इस खेल को नए दर्शकों तक पहुंचाने और इसे और अधिक वैश्विक बनाने का एक शानदार अवसर है। ओलंपिक में दुनिया भर के युवाओं को प्रेरित करने की एक अनोखी क्षमता है और मुझे यकीन है कि क्रिकेट इस मौके का पूरा फायदा उठाएगा, ताकि प्रशंसकों और खिलाड़ियों की एक बिल्कुल नई पीढ़ी को प्रेरित किया जा सके। उन्हें बहुत-बहुत शुभकामनाएं।"

भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने भी जय शाह को बधाई दी। उन्होंने अपने एक्स पर लिखा, "जय शाह, आईसीसी चेयरमैन के तौर पर एक और कार्यकाल मिलने पर आपको बधाई। यह पद आपको पूरी तरह से मिलना ही था। आपके नेतृत्व पर जताया गया भरोसा खुद ही सब कुछ बयां करता है। उम्मीद है कि आपकी अगुवाई में क्रिकेट और भी नई ऊंचाइयों को छुएगा।"

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार