Yashasvi Jaiswal First Ball Of An IPL Match Record: राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेले जा रहे आईपीएल 2026 के मुकाबले में भारतीय युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने पारी की शुरुआत करते हुए ऑस्ट्रेलिया के स्टार गेंदबाज मिचेल स्टार्क की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ दिया। इसी के साथ ही उन्होंने एक खास लिस्ट में अपने नाम दर्ज कर लिया और IPL इतिहास में ऐसा करने वाले सिर्फ पांचवें बल्लेबाज बन गए हैं।
सवाई मानसिंह स्टेडियम में शुक्रवार (1 मई) को खेले जा रहे आईपीएल 2026 के 43वें मुकाबले में यशस्वी जायसवाल ने एक अनोखे रिकॉर्ड लिस्ट में अपना नाम दर्ज कि लिया। इस मैच में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और जायसवाल ने पारी की शुरुआत करते हुए मिचेल स्टार्क की पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर इतिहास रच दिया।
स्टार्क जैसे खतरनाक गेंदबाज के खिलाफ इस तरह की शुरुआत करना आसान नहीं होता, लेकिन जायसवाल ने बिना किसी दबाव के गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचा दिया। इसी के साथ वह IPL के किसी मैच की पहली ही गेंद पर छक्का लगाने वाले चुनिंदा बल्लेबाजों की लिस्ट में शामिल हो गए। इससे पहले नामन ओझा, विराट कोहली, फिल सॉल्ट और प्रियांश आर्य ही यह कारनामा कर पाए थे। अब इस खास लिस्ट में यशस्वी जायसवाल का नाम भी जुड़ गया है।
आईपीएल मैच की पहली गेंद पर छक्का लगाने वाले बल्लेबाज:
- नामन ओझा – 2009
- विराट कोहली – 2019
- फिल सॉल्ट – 2024
- प्रियांश आर्य – 2025
- यशस्वी जायसवाल – 2026
इतना ही नहीं, जायसवाल IPL में चार बार अपनी पारी की पहली ही गेंद पर छक्का लगाने वाले पहले बल्लेबाज भी बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने बाकी सभी खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया है।
आईपीएल में पारी की पहली गेंद पर सबसे ज्यादा बार छक्का:
- यशस्वी जायसवाल – 4 बार
- प्रियांश आर्य – 2 बार
- नामन ओझा – 1 बार
- मयंक अग्रवाल – 1 बार
- सुनील नारायण – 1 बार
- विराट कोहली – 1 बार
- रॉबिन उथप्पा – 1 बार
- फिल सॉल्ट – 1 बार
- संजू सैमसन – 1 बार
हालांकि, इस शानदार शुरुआत के बाद जायसवाल ज्यादा देर टिक नहीं पाए। मिचेल स्टार्क ने इसी ओवर की तीसरी ही गेंद पर उन्हें आउट कर दिया और उनकी पारी सिर्फ 6 रन पर खत्म हो गई।
Also Read: LIVE Cricket Score
मैच की बात करें तो राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए रियान पराग ने 50 गेंदों में शानदार 90 रन बनाए, जबकि ध्रुव जुरेल (40) और डोनोवन फरेरा (47) ने भी अहम योगदान दिया।