इतवार 7 जून को लंदन का मशहूर वाटरलू ब्रिज (Waterloo Bridge), इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने क्रिकेट के रंग में रंग दिया था। ब्रिज पर एक ख़ास इवेंट का आयोजन किया, पूरे ब्रिटेन और पूरी दुनिया को ये बताने कि महिला टी20 वर्ल्ड कप इंग्लैंड में खेल रहे हैं। उस दिन, बेहद ट्रेफिक वाले इस ब्रिज को एक क्रिकेट पिच में बदल दिया था। 12 हिस्सा ले रही टीम के कप्तान इस इवेंट और शूट आउट में मौजूद थीं। वहां इंग्लैंड की कप्तान नैट साइवर-ब्रंट ने सही उम्मीद जाहिर की कि ये वर्ल्ड कप भविष्य के सितारों की नई पीढ़ी को प्रेरित करेगा और एक नई विरासत बनाएगा।
बड़ा मशहूर है लंदन का वाटरलू ब्रिज जो थेम्स नदी पर ट्रेफिक और पैदल चलने वालों के लिए है। इससे पूर्व में अगर सेंट पॉल्स और शहर नजर आते हैं तो पश्चिम में बिग बेन और पार्लियामेंट दिखते हैं। ब्रिज 1815 में बना पर मौजूदा ब्रिज को दूसरे वर्ल्ड वॉर (1939–1945) के दौरान महिलाओं ने बनाया था। इस ब्रिज से जुड़े, लंदन के बारे में कई गाने और किस्से हैं। भारत की पहली महिला वर्ल्ड कप जीतने वाली कप्तान हरमनप्रीत, इस मशहूर वाटरलू ब्रिज पर सेल्फी के लिए फैंस के बीच सबसे घिरी रहीं और भीड़ में हर कोई उनके साथ सेल्फी लेना चाहता था। भीड़ देख यूं लग रहा था कि इवेंट भारत में हो रहा है।
महिला टी20 वर्ल्ड कप 12 जून शाम को शुरू होगा, मेज़बान इंग्लैंड के ग्रुप 2 में श्रीलंका के विरुद्ध एजबेस्टन में मैच के साथ। टूर्नामेंट के मैच लंदन, बर्मिंघम, मैनचेस्टर, लीड्स, ब्रिस्टल और साउथैम्प्टन में खेले जाएंगे।
6 बार की वर्ल्ड कप विजेता ऑस्ट्रेलिया इस बार भी टाइटल जीतने की फेवरेट टीमों में से एक है। मौजूदा विजेता न्यूजीलैंड हैं जो दो साल पहले दुबई में जीते थे। सबसे अनुभवी और मशहूर कप्तान में से एक हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारत, इतवार 14 जून को भारतीय समय के अनुसार शाम 7:00 बजे एजबेस्टन में अपने चर्चित प्रतिद्वंदी पाकिस्तान के विरुद्ध मैच से अपने मुकाबले की शुरुआत करेगा।
इसे अब तक का सबसे बड़ा महिला टी20 वर्ल्ड कप कहा जा रहा है। रिकॉर्ड 12 टीम खेल रही हैं, जिनमें नीदरलैंड्स और स्कॉटलैंड, एसोसिएट सदस्य देशों से हैं। अब तक 2 लाख से ज़्यादा टिकट बिक चुके हैं और पिछले किसी भी आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप के इतने टिकट नहीं बिके थे। उम्मीद तो ये है कि यह टूर्नामेंट न सिर्फ रिकॉर्ड तोड़ेगा, महिला खेलों के लिए एक नया बेंचमार्क सेट करेगा। इस महिला टी20 वर्ल्ड कप की बदौलत, 2026 को महिला क्रिकेट के लिए अब तक का सबसे बड़ा साल बनाने की कोशिश है।
आईसीसी को तो उम्मीद है कि FIFA वर्ल्ड कप 2026 के साथ सीधी टक्कर के बावजूद 2026 महिला टी20 वर्ल्ड कप की पहुंच और लोकप्रियता पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
2026 महिला टी20 वर्ल्ड कप: 12 जून से 5 जुलाई तक
2026 FIFA वर्ल्ड कप: 11 जून से 19 जुलाई
इस बार 12 टीम के खेलने का मतलब है 2024 में खेली 10 टीम से दो ज़्यादा। इन्हें इस तरह से चुना:
एक मेजबान: इंग्लैंड
2024 महिला टी20 वर्ल्ड कप से टॉप 5 टीम: ऑस्ट्रेलिया, भारत, न्यूज़ीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज
बची टीम में से आईसीसी टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में टॉप 2 टीम: पाकिस्तान और श्रीलंका
क्वालिफायर सीरीज़ से क्वालीफाई करने वाली 4 टीम: बांग्लादेश, आयरलैंड, नीदरलैंड्स और स्कॉटलैंड
टीमों के बारे में कुछ और खास बातें:
*नीदरलैंड पहली बार महिला टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा ले रहा है।
*इस महिला टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेना बांग्लादेश के लिए एक बड़ी कामयाबी है। पहली बार इंग्लैंड में इंटरनेशनल मैच खेलेंगे। कमाल ये कि अपने सभी 9 मैच जीतकर एक परफेक्ट क्वालिफाइंग कैंपेन के बाद क्वालिफाई किया।
* यह टूर्नामेंट यूरोपियन देशों के लिए ऐतिहासिक है, क्योंकि 12 टीम में से 4 यूरोपियन हैं (इंग्लैंड, आयरलैंड, स्कॉटलैंड और नीदरलैंड्स)। एशिया से भी 4 टीम हैं (भारत, श्रीलंका, बांग्लादेश और पाकिस्तान)।
* पहली बार, इंग्लैंड और स्कॉटलैंड आपस में, पुरुष या महिला वर्ल्ड कप में इंग्लैंड में एक-दूसरे के साथ खेलेंगे।
* न्यूज़ीलैंड डिफेंडिंग चैंपियन है 2024 महिला टी20 वर्ल्ड कप में मिली जीत की बदौलत।
* डब्ल्यूपीएल टीम मुंबई इंडियंस से जुड़ी 4 खिलाड़ी टीम की कप्तान हैं: भारत (हरमनप्रीत कौर), इंग्लैंड (नैट साइवर-ब्रंट), वेस्टइंडीज़ (हेली मैथ्यूज़), न्यूज़ीलैंड (एमेलिया केर)
12 टीम को 6-6 के दो ग्रुप में बांटा है और ग्रुप स्टेज के दौरान टीमें राउंड-रॉबिन फ़ॉर्मेट में एक-दूसरे के साथ खेलेंगी। हर ग्रुप से टॉप दो टीमें नॉकआउट स्टेज में आगे बढ़ेंगी। दो सेमी-फ़ाइनल 30 जून और 2 जुलाई को खेले जाएंगे, और फ़ाइनल 5 जुलाई को लॉर्ड्स में खेला जाएगा। सेमी-फ़ाइनल और फ़ाइनल दोनों के लिए रिज़र्व दिन हैं।
ग्रुप A: ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, इंडिया, नीदरलैंड्स, पाकिस्तान, दक्षिण अफ़्रीका
ग्रुप B: इंग्लैंड, आयरलैंड, न्यूज़ीलैंड, स्कॉटलैंड, श्रीलंका, वेस्टइंडीज़
प्राइज़ मनी : टूर्नामेंट के लिए कुल 8,764,615 डॉलर का रिकॉर्ड प्राइज़ फ़ंड है, जो 2024 एडिशन से 10% ज़्यादा है (तब: 7,958,077 डॉलर)। देखें किसे क्या मिलेगा:
चैंपियन टीम को 2.34 मिलियन डॉलर
रनर-अप को 1.17 मिलियन डॉलर
हर हारने वाली सेमी-फ़ाइनलिस्ट को 6.75 मिलियन डॉलर
हर ग्रुप मैच में जीतने वाली टीम को 31,154 डॉलर
हर हिस्सा लेने वाली टीम को कम से कम 247,500 डॉलर मिलना तो तय है यानि कि कोई भी टीम खाली हाथ नहीं लौटेगी।
खिलाड़ी जो पहले महिला टी20 वर्ल्ड कप में खेलीं और इस बार भी खेल रही हैं: एलिस पेरी, मारिज़ैन कैप, चमारी अटापट्टू, सूज़ी बेट्स, सोफ़ी डिवाइन, डिएंड्रा डॉटिन, स्टेफ़नी टेलर, हरमनप्रीत कौर, डेन वैन नीकर्क और शबनीम इस्माइल।
Also Read: LIVE Cricket Score
महिला टी20 वर्ल्ड कप के सभी 10 एडिशन में खेलने वाली खिलाड़ी: एलिस पेरी, सूजी बेट्स, चमारी अटापट्टू, सोफी डिवाइन, स्टेफनी टेलर, हरमनप्रीत कौर।