One8, Kohli's Billion Dollar Dream:  हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें विराट कोहली क्रिकेट के बारे में नहीं, जूतों के बारे में बातें कर रहे हैं। इसके पीछे जरूर कोई स्टोरी होगी। असल में विराट भारत से एक ग्लोबल स्पोर्ट्स वियर ब्रांड बनाने का सपना देख रहे हैं और इसे साकार करने की कड़ी में ये मौका था One8 के खास फुटवियर कलेक्शन के लॉन्च का। नोट कीजिए- विराट अब सिर्फ इस ब्रांड को मशहूरी देने वाला चेहरा नहीं, इसमें एक इन्वेस्टर, को-क्रिएटर और जरूरी फैसले लेने वाले व्यक्ति हैं। मौजूदा रिपोर्ट ये है कि शुरुआती बिक्री, उम्मीद से कहीं बेहतर रही है।  

Advertisement

यहां तक कि इस ब्रांड को इंटरनेशनल क्रिकेटर भी पसंद कर रहे हैं। पिछली इंग्लैंड-भारत वनडे सीरीज के दौरान, जोस बटलर को One8 के क्रिकेट स्पाइक्स पहने देखा गया- किनारे पर दो सुनहरे छल्ले से '8' बना था और आगे 'One 8' का लोगो सिला था।  

वैसे सच ये है कि One8 कोई नया ब्रांड नहीं है। इसे 2017 में प्यूमा (Puma) ने विराट कोहली के सिग्नेचर लाइफ़स्टाइल लेबल के तौर पर लॉन्च किया था। ये न सिर्फ़ कोहली की जर्सी नंबर 18 को दिखाता है, उनके अनुशासन और फिटनेस के जरिए 'अपने ऊपर विश्वास' की उनकी सोच को भी दर्शाता है। धीरे-धीरे इसका रेंज बढ़ता गया और इसमें स्पोर्ट्सवियर, कैज़ुअल कपड़े, एक्सेसरीज़, फ़्रेग्रेंस, बैकपैक और दूसरे लाइफ़स्टाइल प्रोडक्ट जुड़ते गए। इनकी खासियत सिर्फ विराट कोहली का नाम नहीं, उनकी पर्सनैलिटी के हिसाब से इन्हें डिज़ाइन करना था।  

सालों तक, प्यूमा-विराट की पार्टनरशिप, भारतीय खेलों में सबसे पुरानी और बड़ी रकम वाली एंडोर्समेंट डील में से एक रही। 2025 में ये एग्रीमेंट खत्म होने के करीब था तो प्यूमा ने अगले 8 साल के लिए लगभग 300 करोड़ रुपये के कॉन्ट्रैक्ट का ऑफर दिया। खेल और बिजनेस की दुनिया के लिए हैरानी ये ऑफर नहीं, विराट कोहली का इसे न मानना था। जी हां, विराट कोहली ने इस 300 करोड़ रुपये के ऑफ़र को ठुकरा दिया।  

और भी बड़ी हैरानी की खबर तो ये रही कि विराट प्यूमा के बजाय एजिलिटास स्पोर्ट्स (Agilitas Sports) के साथ जुड़ गए। प्यूमा इंडिया के पूर्व मैनेजिंग डायरेक्टर अभिषेक गांगुली ने अपने कुछ साथियों के साथ, इस भारतीय स्पोर्ट्स वियर कंपनी को शुरु किया पर विराट कोहली के एक 'हां' ने इसे वह मशहूरी दिला दी जो इस से पहले इस के हिस्से में नहीं आई थी।  

इस तरह विराट कोहली ने कम से कम 300 करोड़ रुपये दांव पर लगा दिए। आखिरकार क्या सोच कर विराट ने ऐसा किया? जो विराट ने सोचा वह व्यापार से जुड़ने का सपना देखने वाले हर एक के लिए एक सबक है: एंडोर्समेंट कॉन्ट्रैक्ट से आखिरकार कितना पैसा और कब तक मिलता रहेगा जबकि मालिक बने तो ये न जाने कितने सालों के लिए दौलत का जरिया बन जाए? अभी ब्रांड एंबेसडर बने रहने से मिलने वाली मोटी रकम लेने की जगह विराट ने एक ऐसी विश्व स्तर की भारतीय स्पोर्ट्स वियर कंपनी बनाने का सपना देखा जो इस क्षेत्र के ग्लोबल दिग्गजों को भी टक्कर दे सके।  

ये सब जिस वक्त हुआ, उसका भी बड़ा ख़ास असर रहा। एकदम विराट कोहली का इंटरनेशनल करियर एक नए दौर में आ पहुंचा था और ऐसे में वे क्रिकेट के बाद की अपनी नई पारी की तैयारी शुरू करते दिखाई दिए। उन्होंने एजिलिटास स्पोर्ट्स में खुद 40 करोड़ रुपये इन्वेस्ट कर दिए और बदले में उन्हें 'कंपलसरी कन्वर्टिबल प्रेफरेंस शेयर्स' के ज़रिए कंपनी की 1.94% हिस्सेदारी मिल गई। इसके बाद एजिलिटास स्पोर्ट्स ने One8 ब्रांड को खरीद लिया और साथ में विराट का प्रोडक्ट डेवलपमेंट और ब्रांड स्ट्रैटेजी में एक्टिव रोल उन्हें बोनस में मिल गया।  

इस तरह से अब इस ब्रांड के साथ विराट कोहली का रोल सिर्फ़ मार्केटिंग नहीं है, वे डिज़ाइन को मंज़ूरी देने, एथलीट टेस्टिंग, ब्रांडिंग स्ट्रेटेजी और इसे इंटरनेशनल लेवल पर पहचान दिलाने से भी जुड़े हुए हैं। नए फ़ुटवियर कलेक्शन को बनाने के दौरान, 17 प्रोटोटाइप को रिजेक्ट करने के बाद, 18वें सैंपल को मंज़ूरी दी विराट ने। सोच साफ़ है: हर प्रोडक्ट एक बेहतरीन एथलीट के तौर पर मेरे अपने स्टैंडर्ड्स के हिसाब से होना चाहिए, 'अगर मैं खुद उस प्रोडक्ट को नहीं पहनूंगा, तो किसी ग्राहक से उसे खरीदने की उम्मीद कैसे करूं?'  One8 का पहला खास फुटवियर कलेक्शन आ चुका है और इसमें परफॉर्मेंस रनिंग शूज, ट्रेनिंग फुटवियर, क्रिकेट स्पाइक्स और लाइफस्टाइल स्नीकर्स शामिल हैं। इसमें सबसे खास मॉडल, 9230 रुपये की कीमत वाला SEAM XVIII सिग्नेचर टेस्ट रेड है। 9230 की गिनती पर ध्यान दीजिए- यही तो विराट कोहली के कुल टेस्ट रन हैं। एक और मॉडल के डिजाइन को रेड क्रिकेट बॉल से प्रेरणा ले, बनाया है, जो इस ब्रांड की क्रिकेट से जुड़ी एक और पहचान है। लॉन्च फंक्शन के दौरान वहां मौजूद कॉमेडियन दानिश सैत ने मजाक में विराट से कहा था कि अब उन्हें अपने टेस्ट रन की गिनती बढ़ाने के लिए टेस्ट क्रिकेट में वापसी करनी चाहिए और सीधे फायदा सिग्नेचर टेस्ट रेड की कीमत बढ़ाने से मिल जाएगा।   विराट कोहली के लिए बिजनेस से जुड़ना कोई नई बात नहीं है। वे One8 से कहीं पहले से फ़ैशन (WROGN), फ़िटनेस (Chisel gyms), हॉस्पिटैलिटी (One8 Commune और Nueva रेस्टोरेंट), एफसी गोवा और बेंगलुरु योद्धाज जैसी स्पोर्ट्स फ़्रैंचाइज़ी और Digit Insurance, Rage Coffee, MPL, Blue Tribe और Hyperice जैसी कंपनियों में इन्वेस्टर हैं।  

कोहली उसी राह पर हैं जिस पर रोजर फ़ेडरर (On Running), माइकल जॉर्डन (Jordan Brand) और क्रिस्टियानो रोनाल्डो (CR7) जैसे खेलों की दुनिया के बड़े नाम कामयाबी की स्टोरी बने हुए हैं। ये सभी ठीक वक्त पर एंडोर्समेंट लेबल बने रहने के दायरे से बाहर निकल, लंबे समय तक चलने वाले बिजनेस का हिस्सा बन गए। एजिलिटास स्पोर्ट्स को अब वे Nike या Adidas जैसी बड़ी इंटरनेशनल कंपनियों को टक्कर देते हुए 'दुनिया के लिए, भारत में बना' स्पोर्ट्सवियर ब्रांड बनाना चाहते हैं।  

Also Read: LIVE Cricket Score

इसके लिए 'Never Done (कभी खत्म न होना)' से बेहतर और कोई टैगलाइन नहीं हो सकती थी। इसमें न सिर्फ़ One8 की, विराट कोहली की सोच की भी बखूबी झलक है। भले ही उनके क्रिकेट करियर का चेप्टर धीरे-धीरे अपने आख़िर की ओर बढ़ रहा हो, लेकिन एक उतना ही खास एक और नया चेप्टर शुरू कर लिया है। हाल ही में खेले महिला टी20 वर्ल्ड कप में स्मृति मंधाना के One8 ब्रांड के फुटवियर पहनने और जोस बटलर व अन्य कई इंटरनेशनल क्रिकेटर के उन्हें पहनने से बेहतर और कौन ये बताएगा कि विराट कोहली का सपना अब ग्लोबल स्टेज पर कदम रख रहा है।

लेखक के बारे में

Charanpal Singh Sobti
Read More
ताजा क्रिकेट समाचार