Top-5 Players With Highest Score In Women's T20 World Cup History: आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप का 10वां संस्करण इंग्लैंड और वेल्स में खेला जाएगा। ये टूर्नामेंट 12 जून से शुरू होगा। तो आइए आज इस खास आर्टिकल के जरिए हम आपको बताते हैं उन पांच खिलाड़ियों के नाम जिन्होंने इस टूर्नामेंट में हाईएस्ट स्कोर बनाने का कारनामा किया है।
5. मुनीबा अली (Muneeba Ali): इस लिस्ट में पांचवीं पॉजिशन पर पाकिस्तान की विकेटकीपर बल्लेबाज़ मुनीबा अली हैं। 28 साल की मुनीबा ने साल 2023 के टी20 वर्ल्ड कप में आयरलैंड के सामने 68 गेंदों पर 102 रनों की शतकीय पारी खेली थी।
4. हरमनप्रीत कौर (Harmanpreet Kaur): भारतीय टीम की महान कप्तान और तूफानी बल्लेबाज़ हरमनप्रीत कौर इस खास लिस्ट में ना हो, ऐसा तो हो ही नहीं सकता। हरमन ने साल 2018 के टी20 वर्ल्ड कप में प्रोविडेंस के मैदान पर धमाल मचाया था और न्यूजीलैंड के सामने 201.96 की स्ट्राइक रेट से 51 गेंदों पर 103 रन ठोके थे। यही वज़ह है वो इस लिस्ट में चौथी पॉजिशन पर है।
3. हीथर नाइट (Heather Knight): इंग्लैंड की दिग्गज बल्लेबाज़ और पूर्व कैप्टन हीथर नाइट भी इस लिस्ट में मौजूद हैं। इस इंग्लिश खिलाड़ी ने साल 2020 के महिला टी20 वर्ल्ड कप में थाईलैंड के सामने अपने बैट से विस्फोट किया था और कैनबरा के ग्राउंड पर 66 गेंदों पर नाबाद 108 रन बनाए थे। इस पारी में उन्होंने 13 चौके और 4 छक्के ठोके थे।
2. डिएंड्रा डॉटिन (Deandra Dottin): वेस्टइंडीज की महान हरफनमौला खिलाड़ी डिएंड्रा डॉटिन इस खास रिकॉर्ड लिस्ट में दूसरे पायदान पर मौजूद हैं। 34 साल की डिएंड्रा हमेशा से ही एक धमाकेदार बल्लेबाज़ रहीं, जिन्होंने साल 2010 के टी20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका के गेंदबाज़ों की कुटाई करके 248.88 की स्ट्राइक रेट से 45 गेंदों पर नाबाद 112 रन ठोके। उन्होंने बस्सेटेरे के वार्नर पार्क में 7 चौके और 9 छक्के लगाए थे।
Also Read: LIVE Cricket Score
1. मेग लैनिंग (Meg Lanning): आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप में हाईएस्ट स्कोर बनाने का महारिकॉर्ड किसी और के नहीं, बल्कि ऑस्ट्रेलिया की महान बल्लेबाज़ और कप्तान मेग लैनिंग के ही नाम दर्ज है। ये रिकॉर्ड उन्होंने साल 2014 में बनाया, जब उन्होंने सिलहट के ग्राउंड पर आयरिश गेंदबाज़ों की धुलाई करके 65 गेंदों पर 126 रन ठोक दिए थे। इस मैच में मेग का स्ट्राइक रेट 193.84 था और उन्होंने 18 चौके 4 छक्के जड़े थे।