Vinayak Shukla Appointed Oman Cricket Team Captain: उत्तर प्रदेश के कानपुर में जन्मे विनायक शुक्ला ने अपने क्रिकेट करियर में बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है। ओमान क्रिकेट बोर्ड ने उन्हें राष्ट्रीय टीम का नया कप्तान नियुक्त किया है। कभी भारत में क्रिकेट खेलने का सपना देखने वाले विनायक अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ओमान की कप्तानी करते नजर आएंगे।
उत्तर प्रदेश के कानपुर के श्यामनगर में रहने वाले 32 वर्षीय विनायक शुक्ला को ओमान क्रिकेट टीम का नया कप्तान बनाया गया है। ओमान क्रिकेट बोर्ड ने पिछले कल सोमवार (6 जुलाई) को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इसकी आधिकारिक घोषणा की। विकेटकीपर-बल्लेबाज विनायक अब टीम की कमान जतिंदर सिंह की जगह संभालेंगे। इससे पहले वह ओमान टीम के उपकप्तान भी रह चुके हैं और एशिया कप के साथ-साथ टी20 वर्ल्ड कप में भी देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
विनायक की क्रिकेट यात्रा काफी दिलचस्प रही है। उन्होंने सिर्फ 8 साल की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था। केंद्रीय विद्यालय में पढ़ाई के दौरान उन्होंने अंडर-16 और अंडर-19 राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। कई राज्यों की ओर से क्रिकेट खेलने का मौका मिला, लेकिन भारतीय टीम तक पहुंचने का सपना पूरा नहीं हो सका।
हालांकि, उन्होंने हार नहीं मानी। उनके क्रिकेट कोच प्रकाश ने परिवार को सलाह दी कि अगर बेहतर अवसर चाहिए तो उन्हें ओमान जाना चाहिए। इसके बाद वर्ष 2021 में विनायक ओमान चले गए और वहां घरेलू क्रिकेट खेलना शुरू किया। शुरुआती दिनों में उन्होंने अपनी आजीविका चलाने के लिए नेशनल मेटल कैन्स कंपनी में डेटा ऑपरेटर की नौकरी भी की, लेकिन क्रिकेट से उनका रिश्ता कभी नहीं टूटा।
लगातार मेहनत का फल उन्हें 2024 में मिला, जब ओमान की राष्ट्रीय टीम में विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में उनका चयन हुआ। उन्होंने 14 दिसंबर 2024 को अपना पहला टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेला, जबकि 10 फरवरी 2025 को वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया।
Also Read: LIVE Cricket Score
अब तक विनायक शुक्ला 15 वनडे मैचों में 26.00 की औसत से 312 रन बना चुके हैं। वहीं टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में उन्होंने 23 मुकाबलों में 26.29 की औसत से 447 रन अपने नाम किए हैं। शानदार प्रदर्शन और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए ओमान क्रिकेट बोर्ड ने अब उन्हें टीम की कप्तानी सौंप दी है।