भारत और न्यूजीलैंड के बीच हेगली ओवल के मैदान पर दूसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा है। न्यूजीलैंड की पहली पारी 356 रन बनाकर सिमटी। भारत की ओर से गेंदबाजी में आकाश दीप का जादू चला और उन्होंने 5 विकेट निकाले। हालांकि, जसप्रीत बुमराह अपनी लय से भटके हुए नजर आए।
बुमराह ने न्यूजीलैंड की पहली पारी के दौरान 26 ओवर का स्पेल फेंका और वह कोई भी विकेट नहीं निकाल सके। टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में यह महज तीसरा मौका है, जब बुमराह 26 ओवर गेंदबाजी करने के बावजूद कोई विकेट नहीं चटका सके हैं। इससे पहले, साल 2021 में हुए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ ही बुमराह 26 ओवर में 79 रन देकर कोई विकेट नहीं ले सके थे।
वहीं, 2021 में लॉर्ड्स के मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ एक पारी में 26 ओवर बॉलिंग करने के बाद भी भारतीय तेज गेंदबाज को कोई विकेट नहीं मिला था। पहले टेस्ट की दूसरी इनिंग में भी बुमराह कुछ हद तक संघर्ष करते दिखाई दिए थे और 20 ओवर के स्पेल में सिर्फ एक विकेट ही निकाल सके थे। हालांकि, पहली पारी में जरूर बुमराह ने 4 विकेट झटके थे।