WPL 2026, Delhi Capitals Women vs Mumbai Indians Women Highlights: महिला प्रीमियर लीग 2026 में कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स की अर्धशतकीय पारी के दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से शिकस्त दी। पहले गेंदबाज़ी करते हुए दिल्ली ने मुंबई को 154 रन पर रोका। जवाब में जेमिमा (51*) ने जिम्मेदारी भरी पारी खेलते हुए टीम को जीत दिलाई।
महिला प्रीमियर लीग 2026 का 13वां मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच मंगलवार, 20 जनवरी को कोटांबी के वडोदरा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया।
पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही। सजीवन सजना 9 और हेली मैथ्यूज 12 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। इसके बाद नेट साइवर-ब्रंट और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने तीसरे विकेट के लिए 78 रन जोड़कर पारी संभालने की कोशिश की। हरमनप्रीत ने 33 गेंदों में 41 रन बनाए, जबकि नेट साइवर-ब्रंट ने 42 गेंदों में 59 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। इन प्रयासों के बावजूद मुंबई इंडियंस 154 रन तक ही पहुंच सकी।