पाकिस्तान सुपर लीग 2026 के मुकाबले में पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आज़म के साथ एक डराने वाला पल देखने को मिला, जब तेज़ गेंदबाज़ उबैद शाह की बाउंसर सीधे उनके हेलमेट और गले के पास जा लगी। कुछ देर के लिए मैदान पर सन्नाटा छा गया और फिजियो को तुरंत मैदान में आना पड़ा। हालांकि राहत की बात ये रही कि जांच के बाद बाबर ने फिर से बल्लेबाज़ी शुरू की।
पाकिस्तान सुपर लीग 2026 में शनिवार (11 अप्रैल) को पेशावर जाल्मी और लाहौर कलंदर्स के बीच खेले गए मुकाबले में एक ऐसा पल देखने को मिला जिसने सभी को चिंतित कर दिया। मैच के दौरान पेशावर जाल्मी के कप्तान बाबर आज़म खतरनाक बाउंसर का शिकार हो गए और गेंद सीधे उनके गले और हेलमेट के पास जा लगी।
ये घटना पारी के छठे ओवर की पहली गेंद पर हुई, जब तेज़ गेंदबाज़ उबैद शाह ने 125.7 किमी/घंटा की रफ्तार से एक तेज़ बाउंसर फेंकी। बाबर इस गेंद पर पुल शॉट खेलने के लिए आगे बढ़े, लेकिन गेंद को पूरी तरह मिस कर गए। गेंद पहले उनके कंधे से टकराई और फिर सीधे उनके गले और हेलमेट की ग्रिल के नीचे जा लगी।