टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अभिषेक शर्मा का बल्ला लगातार खामोश रहा है। नीदरलैंड्स के खिलाफ मुकाबले में बिना खाता खोले आउट होकर उन्होंने एक ऐसा रिकॉर्ड बना लिया, जो कोई बल्लेबाज़ नहीं चाहेगा। टूर्नामेंट के शुरुआती तीन मैचों में तीन बार शून्य पर आउट होकर वह ऐसा करने वाले दुनिया के दूसरे खिलाड़ी बने हैं।
भारत के युवा स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा के लिए आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब तक किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा है। बुधवार (18 फरवरी) को अहमदाबाद में खेले जा रहे ग्रुप स्टेज स्टेज के 33वें मुकाबले में नीदरलैंड्स खिलाफ वह पारी की तीसरी ही गेंद पर बिना खाता खोले क्लीन बोल्ड हो गए। उन्हें नीदरलैंड्स के स्पिनर आर्यन दत्त ने पवेलियन की राह दिखाई।
इसके साथ ही अभिषेक टी20 वर्ल्ड कप के एडिशन में अपने शुरुआती तीन मैचों में तीन बार शून्य पर आउट होने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबाज़ बन गए हैं। उनसे पहले यह अनचाहा रिकॉर्ड सिर्फ रोजर मुकासा के नाम था, जिन्होंने 2024 टी20 वर्ल्ड कप में युगांडा क्रिकेट टीम की ओर से खेलते हुए लगातार तीन मैचों में डक दर्ज किए थे।