मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले जा रहे आईपीएल 2026 के मुकाबले में अफगानिस्तान के 20 साल के युवा स्पिनर अल्लाह गज़नफर ने एक ही ओवर में अभिषेक शर्मा और ईशान किशन को आउट कर सनराइजर्स हैदराबाद को दो बड़े झटके दिए। गज़नफर के इस स्पेल ने मुंबई की मैच में वापसी कराई।
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में बुधवार (29 अप्रैल) को खेले जा रहे आईपीएल 2026 के 41वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस के 244 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद को ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 52 गेंदों में 129 रन जोड़ते हुए मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों पर पूरी तरह दबाव बना दिया।
ऐसे में मुंबई को एक विकेट की सख्त जरूरत थी और कप्तान ने गेंद थमाई अल्लाह गज़नफर को। पारी का 9वां ओवर डाल रहे गजनफर ने चौथी गेंद फुल लेंथ डाली, जिस पर अभिषेक शर्मा बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में गलती कर बैठे। गेंद बल्ले से लगकर हवा में गई और बैकवर्ड पॉइंट पर खड़े ट्रेंट बोल्ट ने आसान कैच लपक लिया। इस विकेट के चलते अभिषेक 24 गेंदों में 45 रन बनाकर आउट हुए।