एक्ट्रेस श्रीलीला इन दिनों अपनी फिल्मों से ज्यादा पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं। पहले उनका नाम बॉलीवुड स्टार कार्तिक आर्यन के साथ जोड़ा जा रहा था और अब सोशल मीडिया पर अफवाह उड़ने लगी कि वो भारतीय क्रिकेटर तिलक वर्मा को डेट कर रही हैं। ये चर्चा तब शुरू हुई जब आईपीएल 2026 के दौरान धर्मशाला में मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के मैच में श्रीलीला की मां डॉ. स्वर्णलता नजर आईं। इसके अलावा, श्रीलीला को पहले भी मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मैच देखते हुए देखा गया था। वहीं, उनके साथ मौजूद एक टीम मेंबर ने ऐसी जर्सी पहनी हुई थी, जिसके पीछे “Tilak” लिखा था। बस फिर क्या था, सोशल मीडिया पर लोगों ने दोनों के रिश्ते को लेकर बातें बनानी शुरू कर दीं। मामला तब और ज्यादा वायरल हो गया जब मुंबई इंडियंस के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव का एक वीडियो इंटरनेट पर तेजी से फैलने लगा। उस वीडियो में तिलक वर्मा होटल लॉबी में ईयरफोन लगाकर जाते दिख रहे थे और पीछे से सूर्या मजाकिया अंदाज में कहते सुनाई दिए कि “ये प्यार में पड़ गया है।” हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन फैंस ने तुरंत इसे श्रीलीला से जोड़ दिया। अब बढ़ती अफवाहों के बीच श्रीलीला की टीम ने सामने आकर इन खबरों को पूरी तरह गलत बताया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी टीम ने साफ कहा कि श्रीलीला और तिलक वर्मा कभी मिले तक नहीं हैं और दोनों के बीच किसी तरह का रिश्ता नहीं है। उन्होंने लोगों से बिना सबूत ऐसी बातें ना फैलाने की अपील भी की। फिलहाल सोशल मीडिया पर दोनों को लेकर काफी चर्चा हो रही है। वहीं, श्रीलीला जल्द ही बॉलीवुड में डेब्यू करने जा रही हैं। वो अनुराग बसु की नई फिल्म में नजर आएंगी, जिसमें कार्तिक आर्यन लीड रोल में होंगे। इसके अलावा, वो साउथ स्टार धनुष की अगली फिल्म का भी हिस्सा हैं।