साउथ अफ्रीका महिला क्रिकेट टीम की विकेटकीपर-बल्लेबाज सिनालो जाफ्टा जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज से बाहर हो गई हैं। क्रिकेट साउथ अफ्रीका (सीएसए) ने इस बात की जानकारी दी है।
जाफ्टा को दौरे के लिए रवाना होने से पहले हुए फिटनेस टेस्ट के दौरान हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आ गया है। जाफ्टा की जगह पर जे-ली फिलैंडर को टीम में शामिल किया गया है। फिलैंडर पहले साउथ अफ्रीका की अंडर-19 टीम का हिस्सा रह चुकी हैं और उन्हें पहली बार सीनियर इंटरनेशनल टीम में बुलाया गया है। सीएसए ने अपने बयान में बताया, "प्रोटियाज महिला टीम की विकेटकीपर-बल्लेबाज सिनालो जाफ्टा दौरे के लिए रवाना होने से पहले हुए टेस्ट के दौरान हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के कारण जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज से बाहर हो गई हैं।"
क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने आगे कहा, "साउथ अफ्रीका महिला टीम और वेस्टर्न प्रोविंस की उभरती हुई खिलाड़ी जे-ली फिलैंडर को उनकी जगह पहली बार सीनियर इंटरनेशनल टीम में बुलाया गया है। वह सोमवार को टीम के बुलावायो रवाना होने से पहले त्शवाने में प्रोटियाज महिला टीम के साथ जुड़ेंगी।"