IPL 2026, Sunrisers Hyderabad vs Royal Challengers Bengaluru: राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 55 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए SRH ने 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में RCB की टीम 200 रन तक ही पहुंच सकी। हालांकि हार के बावजूद RCB ने लीग स्टेज का अंत अंकतालिका में पहले स्थान पर किया।
आईपीएल 2026 के 67वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद को अभिषेक शर्मा और ट्रैविस हेड ने तेज शुरुआत दिलाते हुए पहले विकेट के लिए 24 गेंदों में 45 रन जोड़े। ट्रैविस हेड ने 16 गेंदों में 26 रन बनाए, जबकि अभिषेक शर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 22 गेंदों में 56 रन की तूफानी पारी खेली।
इसके बाद ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन ने पारी को संभालते हुए तीसरे विकेट के लिए 48 गेंदों में 113 रन की शानदार साझेदारी कर डाली। क्लासेन ने सिर्फ 24 गेंदों में 51 रन ठोक दिए, वहीं ईशान किशन ने 46 गेंदों में 79 रन की बेहतरीन पारी खेली। उनकी इस पारी में 8 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। इसके अलावा आखिरी ओवरों में नितीश कुमार रेड्डी ने भी 12 गेंदों में नाबाद 29 रन की अहम कैमियो पारी खेली। इन तूफानी पारियों की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद ने निर्धारित 20 ओवर में 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।