महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2026 बस आने ही वाला है। इस टूर्नामेंट का दसवां संस्करण इंग्लैंड में होने वाला है और टूर्नामेंट से पहले, इग्लैंड ने अपनी टी-20 वर्ल्ड कप टीम का ऐलान भी कर दिया है। इस मल्टी नेशन टूर्नामेंट के लिए नैट साइवर-ब्रंट को इंग्लैंड का कप्तान बनाया गया है। ये उनका सातवां टी-20 वर्ल्ड कप होने वाला है और वो चाहेंगी कि कप्तान के रूप में ट्रॉफी अपने नाम करें।
इसके साथ ही 18 साल की स्पिनर टिली कोर्टीन-कोलमैन को भी टी-20 वर्ल्ड कप की टीम में शामिल किया गया है, जबकि लॉरेन फाइलर और इसी वोंग भी टी-20 वर्ल्ड कप में अपना डेब्यू करेंगी। इसके साथ ही डैनी व्याट-हॉज अपना आठवां टी-20 वर्ल्ड कप खेलने के लिए चुनी गई हैं। इंग्लैंड की हेड कोच शार्लेट एडवर्ड्स भी चुनी गई टीम से खुश हैं।
उन्होंने बताया कि टी-20 वर्ल्ड कप के लिए टीम चुनना सबसे मुश्किल काम था। शार्लेट एडवर्ड्स ने कहा, "इसमें कोई शक नहीं कि इन 15 नामों तक पहुंचना बेहद मुश्किल रहा है। ये सिलेक्शन मीटिंग्स का सबसे मुश्किल दौर था जिसका मैं हिस्सा रही हूं क्योंकि चुनने के लिए खिलाड़ियों का पूल बहुत मज़बूत है और इतने सारे टैलेंटेड खिलाड़ियों ने टीम का हिस्सा बनने के लिए अपनी दावेदारी पेश की है और ठीक यही तो हम चाहते हैं।"