भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और चेन्नई सुपरकिंग्स के मौजूदा कप्तान महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर से सुर्खियों में हैं। धोनी के 42वें जन्मदिन के दो दिन बाद उनका एक वीडियो काफी चर्चा का विषय बना हुआ है। दरअसल, धोनी अपनी पहली मनोरंजन प्रोडक्शन फिल्म 'एलजीएम' (लेट्स गेट मैरिड) के ट्रेलर और ऑडियो लॉन्च के लिए चेन्नई लौटे और धोनी को चेन्नई हवाई अड्डे पर देखकर फैंस अपने इमोशंस पर काबू नहीं रख पाए।
फैंस और मीडिया ने धोनी का भव्य स्वागत किया और एयरपोर्ट के बाहर ही धोनी-धोनी के नारों संग फूलों की बारिश होने लगी। ये वीडियो इस समय सोशल मीडिया पर काफी तेज़ी से वायरल हो रहा है और फैंस धोनी की इस झलक को पाकर काफी खुश हैं। इस बीच, एक फैन ने धोनी से सवाल भी पूछ लिया कि उनका घुटना अब कैसा है जिस पर धोनी ने स्माइल देते हुए हाथ हिलाकर रिएक्शन दिया और इस फैन का दिन बन गया।
धोनी एंटरटेनमेंट के लेबल तहत, एलजीएम पहली फीचर फिल्म होगी और इसमें हरीश कल्याण, इवाना, नादिया, योगी बाबू और मिर्ची विजय जैसे सितारे शामिल होंगे। इस फिल्म के ट्रेलर और ऑडियो लॉन्च के दौरान साक्षी धोनी भी मौजूद रहेंगी। अगर आप नहीं जानते हैं तो बता दें कि साक्षी ने ही इस प्रोजेक्ट को तैयार करने में धोनी की मदद की है।