England vs Sri Lanka 3rd T20I: इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच शनिवार (19 सितंबर) को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले जा रहे तीसरे टी20 मुकाबले में मैदान पर एक शानदार कैच देखने को मिला। श्रीलंका के युवा स्टार बल्लेबाज पथुम निसांका अच्छी लय में बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन ब्रूक के बेहतरीन रिफ्लेक्स ने उनकी पारी पर ब्रेक लगा दिया।
इंग्लैंड ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर श्रीलंका को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया और शुरुआती ओवरों में ही मेहमान टीम पर दबाव बना दिया। श्रीलंका ने अपने शुरुआती तीन विकेट सात ओवर के अंदर गंवा दिए। सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका हालांकि अच्छी लय में नजर आ रहे थे, लेकिन 7वें ओवर में उनका भी सफर खत्म हो गया।
विल जैक्स ने ओवर की चौथी गेंद को थोड़ा शॉर्ट लेंथ पर रखा। निसांका ने गेंद की लंबाई को देखते हुए उसे मिडविकेट के ऊपर से खेलने के लिए पुल शॉट लगाया, लेकिन उनका शॉट सही तरह से टाइम नहीं हुआ। गेंद हवा में ज्यादा ऊपर नहीं गई और मिडविकेट पर खड़े हैरी ब्रूक की दाईं तरफ तेजी से निकल रही थी। ब्रूक ने गेंद पर नजरें जमाए रखीं और अपनी दाईं ओर तेजी से छलांग लगाते हुए बेहद शानदार कैच लपक लिया।