India-A Squad For ICC T20 World Cup Warm-Up Matches: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने सोमवार, 02 फरवरी को आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के वॉर्मअप मैचों के लिए इंडिया-ए की स्क्वाड की घोषणा कर दी है। गौरतलब है कि इस टीम में तिलक वर्मा को भी जगह दी गई है जो कि भारत की मुख्य वर्ल्ड कप टीम का भी हिस्सा हैं।
जी हां, ऐसा ही हुआ है। दरअसल, खुद BCCI ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से एक ट्वीट साझा करके फैंस को इस खबर की जानकारी दी है। उन्होंने अपने ट्वीट के जरिए फैंस को ये बताया है कि तिलक वर्मा टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में शामिल होने से पहले इंडिया-ए के साथ एक वॉर्मअप मैच खेलेंगे। बताते चलें कि इंडिया-ए की टीम आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दो वॉर्मअप मुकाबले खेलने वाली है जो कि यूएसए और नामीबिया के खिलाफ होंगे।
गौरतलब है कि 23 साल के तिलक वर्मा हाल ही में टेस्टिकुलर टॉर्शन नाम की गंभीर चोट से परेशान थे और इसकी वज़ह से उन्हें सर्जरी तक से गुजरना पड़ा। इसी कारण वो न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत में ही हुई पांच मैचों की टी20 सीरीज का हिस्सा नहीं बन पाए थे। हालांकि राहत की खबर ये है कि वो अब पूरी तरह फिट हो चुके हैं और 07 फरवरी से भारत और श्रीलंका की मेजबानी में होने वाले आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के लिए पूरी तरह तैयार हैं।