IPL 2021: आईपीएल 2021 में दिल्ली कैपिटल्स की टीम बगैर अपने कप्तान श्रेयस अय्यर के मैदान पर उतरेगी। श्रेयस अय्यर को कंधे में चोट के चलते आईपीएल मिस करना पड़ रहा है। दिल्ली कैपिटल्स की टीम को सीएसके के खिलाफ मैदान पर उतरने से पहले श्रेयस अय्यर ने लाइव आकर शुभकामनाएं दी हैं। दिल्ली कैपिटल्स ने इस लाइव वीडियो को शेयर किया है।
इस वीडियो में अय्यर को दिल्ली कैपिटल्स के कोच रिकी पोंटिंग और साथी खिलाड़ी मार्कस स्टोइनिस, सैम बिलिंग्स और अंजिक्य रहाणे से बातचीत करते हुए देखा जा सकता है। पोंटिंग समेत सभी खिलाड़ी अय्यर से उनका हाल चाल पूछते हैं। जिसके बाद अय्यर अपना टूटा कंधा वीडियो के माध्यम से दिखाते हैं।
इस दौरान अय्यर थोड़ा भावुक हो जाते हैं और बताते हैं कि वह दिल्ली कैपिटल्स को काफी मिस कर रहे हैं। श्रेयस अय्यर की आंखें भी हल्की-हल्की नम लगती हैं और ऐसा लगता है कि मानों वह किसी भी पल रो सकते हों। अय्यर बताते हैं कि उनकी सर्जरी सफल रही है और वह तीसरे मैच से दिल्ली कैपिटल्स को सपोर्ट करने के लिए आ सकते हैं।