आईपीएल 2026 का 15वां मुकाबला कोलकाता ऩाइट राइडर्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर खेला जाना है। पिछले मैच में बारिश की वजह से मैच रद्द हो गया था ऐसे में फैंस के मन में सवाल उठ रहा है कि क्या ये मैच भी बारिश की भेंट चढ़ जाएगा या उन्हें कुछ एक्शन देखने को मिलेगा। तो इसी सवाल का जवाब हम आपको इस आर्टिकल में देने वाले हैं।
पंजाब किंग्स के खिलाफ KKR का पिछला मैच बिना एक भी गेंद फेंके रद्द कर दिया गया था, क्योंकि शहर में लगातार बारिश हो रही थी। वहीं, इस मुकाबले की तैयारी भी पूरी तरह से आसान नहीं रही है। दिन की शुरुआत में शहर में तेज़ बारिश हुई और आसमान में काले बादल छाए रहे। हालांकि, शुरुआती चिंताओं के बावजूद, मैच के दिन शाम के मौसम को लेकर उम्मीद की किरण नज़र आ रही है।
मौसम के पूर्वानुमानों के अनुसार, जैसे-जैसे मैच का समय करीब आएगा, हालात बेहतर होने की उम्मीद है। शाम ढलने के साथ-साथ बारिश की संभावना काफी कम हो जाएगी, जिससे पूरे मैच के होने के आसार बढ़ जाएंगे। तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के ऊपरी स्तर पर रहने की उम्मीद है और साथ में मध्यम स्तर की नमी भी रहेगी। ये हालात बल्लेबाज़ी के लिए भी मददगार साबित हो सकते हैं। अगर कोई रुकावट नहीं आती है, तो पिच के बल्लेबाज़ी के लिए अनुकूल रहने की उम्मीद है।