भारत ए और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच मैके में अनौपचारिक टेस्ट मैच खेला जा रहा है जिसके अंतिम दिन एक बड़ा बवाल होता दिखा। भारतीय टीम पर गेंद से छेड़छाड़ के आरोप लगे जिसके बाद अंपायर्स ने गेंद को बदलने का फैसला किया। ये सब होता देख विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन अंपायर से बहस करते दिखे और उन पर भी "अनुचित व्यवहार" के आरोप लगे।
ये सब तब हुआ जब रविवार, 3 नवंबर को खेल शुरू होने वाला था लेकिन उससे पहले ही तनाव बढ़ गया। अब अगर अधिकारी ईशान पर मैदान पर "असहमति" का आरोप लगाते हैं तो ईशान खुद को मुश्किल में पा सकते हैं। स्थानीय मीडिया के अनुसार, अंपायर शॉन क्रेग के साथ विवाद के कारण ईशान किशन को प्रतिबंधों का सामना करना पड़ सकता है।
चौथे दिन ग्रेट बैरियर रीफ एरिना में खेल की शुरुआत से पहले अंपायरों ने पिछली गेंद पर "खरोंच के निशान" का हवाला देते हुए गेंद बदल दी। भारतीय खिलाड़ियों को अंपायरों से बहस करते देखा गया और क्रेग को स्टंप माइक पर ये कहते हुए सुना गया कि खरोंच के लिए मेहमान टीम जिम्मेदार है। इसके बाद ईशान किशन ने गेंद बदलने पर अपनी नाराजगी व्यक्त की और अंपायर शॉन के साथ तीखी बहस की।