AUS Vs ENG 4th T20I: ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच रविवार (29 नवंबर) को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए चौथे टी20 मुकाबले में जबरदस्त टक्कर देखने को मिली। लेकिन मैच के दौरान एक ऐसा पल भी आया, जब मैदान पर खिलाड़ियों के बीच माहौल गरमा गया। इंग्लैंड के ऑलराउंडर जेमी ओवरटन (Jamie Overton) और ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मिचेल मार्श (Mitchell Marsh) के बीच तीखी बातचीत देखने को मिली।
दरअसल, इंग्लैंड की पारी का 20वां ओवर जैक एडवर्ड्स डाल रहे थे। ओवर की पहली गेंद पर ओवरटन ने छक्का जड़ दिया, लेकिन इसके बाद एडवर्ड्स ने शानदार वापसी की। दूसरी गेंद पर कोई रन नहीं आया, जबकि तीसरी गेंद उन्होंने बल्लेबाज की पहुंच से काफी दूर रखी। ओवरटन ने वाइड का इशारा करने के लिए अपने दोनों हाथ फैलाए, लेकिन अंपायर ने गेंद को वाइड नहीं दिया।
इसके बाद चौथी गेंद डालने से पहले जैक एडवर्ड्स और जेमी ओवरटन के बीच कुछ बातचीत हुई। एडवर्ड्स ने ओवरटन से क्या कहा, यह साफ नहीं हो पाया, लेकिन इंग्लैंड का यह ऑलराउंडर उनकी बात से खुश नजर नहीं आया। वह तुरंत ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मिचेल मार्श के पास पहुंच गए और उनसे तीखे अंदाज में कुछ कहने लगे।