Joe Root 23000 International Runs: इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला मंगलवार (22 सितंबर) को चेस्टर-ले-स्ट्रीट के रिवरसाइड ग्राउंड पर खेला जा रहा है। इस मुकाबले में इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट ने इंटरनेशनल क्रिकेट में एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। वह यह मुकाम हासिल करने वाले इंग्लैंड के पहले बल्लेबाज बन गए हैं।
दरअसल, इस मुकाबले से पहले रूट के नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में 22,997 रन दर्ज थे और ऐतिहासिक 23 हजार रन के आंकड़े तक पहुंचने के लिए उन्हें सिर्फ तीन रन की जरूरत थी। इंग्लैंड की पारी के छठे ओवर की आखिरी गेंद पर रूट ने दिलशान मदुशंका की गेंद पर चौका जड़ते ही यह खास मुकाम हासिल कर लिया।
इस उपलब्धि के साथ जो रूट इंटरनेशनल क्रिकेट में 23 हजार रन पूरे करने वाले अब दुनिया के सिर्फ आठवें बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, कुमार संगाकारा, रिकी पोंटिंग, महेला जयवर्धने, जैक्स कैलिस और राहुल द्रविड़ इस आंकड़े को पार कर चुके हैं। वहीं, रूट इंग्लैंड की ओर से यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले बल्लेबाज हैं।