Blair Tickner Ruled Out of 3rd Test: इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला (ENG vs NZ 3rd Test) नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है जहां बीच मुकाबले में मेहमान टीम (New Zealand Cricket Team) को एक बड़ा झटका लग गया है। दरअसल, न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज़ ब्लेयर टिकनर (Blair Tickner) अचानक तीसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं। उन्हें जोफ्रा आर्चर (Jofra Archer) का एक तेज बॉल सीधा हेलमेट पर लगा था।
न्यूजीलैंड क्रिकेट ने खुद अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से एक ट्वीट साझा करके फैंस को इस खबर की जानकारी दी है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, "ब्लेयर टिकनर इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट के बाकी मुकाबले से बाहर हो गए हैं। पहली पारी में बल्लेबाजी के दौरान हेलमेट पर गेंद लगने के कारण उन्हें सिर में चोट आई थी। ज़ैक फॉल्क्स को ब्लेयर टिकनर की जगह कन्कशन रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया गया है।"
बता दें कि ब्लेयर टिकनर को न्यूजीलैंड की पहली इनिंग के 115वें ओवर के दौरान चोट लगी थी। यहां जोफ्रा आर्चर ने अपना दूसरा गेंद डालते हुए एक खतरनाक बाउंसर फेंका था जो कि सीधा ब्लेयर टिकनर के सिर से टकराया। इसके बाद मैदान पर मेडिकल टीम ने उनकी जांच की जिसे पास करने के बाद ब्लेयर टिकनर फिर से बैटिंग करने लगे। उन्होंने 6 गेंदों पर नाबाद 4 रन बनाए।