Jos Buttler Record: इंग्लैंड क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज़ जोस बटलर (Jos Buttler) शनिवार, 18 अक्टूबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ हेगले ओवल, क्राइस्टचर्च में होने वाले पहले टी20 मुकाबले (NZ vs ENG 1st T20I) में अपने बैट से धमाल मचाकर कुछ खास रिकॉर्ड बना सकते हैं। गौरतलब है कि जोस बटलर के पास एक साथ मार्टिन गप्टिल (Martin Guptill) और एलेक्स हेल्स (Alex Hales) का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने का मौका है।
जी हां, ऐसा ही हो सकता है। दरअसल, क्राइस्टचर्च में होने वाले इस मुकाबले में जोस बटलर अगर 3 छक्के लगाते हैं तो वो टी20 इंटरनेशनल में अपने 174 छक्के पूरे कर लेंगे और इसी के साथ मार्टिन गप्टिल को पछाड़ते हुए टी20I में तीसरे सर्वाधिक छक्के मारने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे। जान लें कि न्यूजीलैंड के दिग्गज मार्टिन गप्टिल के नाम टी20 इंटरनेशऩल में 122 मैचों में 173 छक्के दर्ज हैं। इस लिस्ट में सबसे ऊपर टीम इंडिया के महान बल्लेबाज़ रोहित शर्मा हैं, जिन्होंने 159 मैचों में 205 छक्के लगाए हैं।
इतना ही नहीं, इसके अलावा 35 वर्षीय जोस बटलर अगर न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में 4 छक्के ठोक देते हैं तो वो इस फॉर्मेट में अपने 585 छक्के पूरे कर लेंगे और ऐसा करते हुए एलेक्स हेल्स को पछाड़कर दुनिया के पांचवें सर्वाधिक टी20 छक्के मारने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे। फिलहाल इस रिकॉर्ड लिस्ट में क्रिस गेल (1056 छक्के), कीरोन पोलार्ड (966 छक्के), आंद्रे रसेल (769 छक्के), निकोलस पूरन (685 छक्के), और एलेक्स हेल्स (584 छक्के) उनसे आगे हैं।