न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जैकब डफी ने शनिवार को हेगली ओवल में दूसरे टेस्ट की पहली पारी में भारत के बल्लेबाज ऋषभ पंत का विकेट चटकाने को लेकर बात की। पंत अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और 39 गेंदों में 23 रन बनाकर आउट हुए।
न्यूजीलैंड के पहली पारी में 356 रन के जवाब में जब भारत 96/3 पर मुश्किल में था, तब पंत ने जैकब डफी की गेंद पर लापरवाही भरा शॉट खेला और अपना विकेट फेंककर पवेलियन लौटे। पंत के विकेट ने भारतीय टीम पर अतिरिक्त दबाव डाला। इससे पहले, ऋषभ पंत ने जैकब डफी के ओवर में लॉन्ग-ऑन के ऊपर शानदार छक्का लगाया था। इसके बाद डफी ने अपनी रणनीति बदली और अगले ओवर में बेहतर लाइन-लेंथ के साथ गेंदबाजी की। उन्होंने ऐसी गेंद फेंकी जो अंदर की ओर आ रही थी, लेकिन पंत उसे सही तरीके से नहीं खेल पाए और गेंद को पॉइंट की दिशा में खेलने की कोशिश में गलती कर बैठे।
दूसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद डफी ने पत्रकारों से कहा, "हां, ऋषभ पंत जैसे बल्लेबाज के खिलाफ आपको अपनी रणनीति में बदलाव करना पड़ता है। वह बार-बार क्रीज से बाहर निकलकर बड़े शॉट खेलने की कोशिश कर रहे थे। मगर मैं इसे लेकर ज्यादा परेशान नहीं था। ऐसे शॉट कभी सफल होते हैं और कभी नहीं।"