अभिषेक शर्मा की सफलता के पीछे युवराज सिंह का बड़ा हाथ है। योगराज सिंह ने खुलासा किया कि कैसे युवराज ने अभिषेक की लाइफस्टाइल में सख्ती लाई, देर रात पार्टी और लड़कियों से मिलने पर रोक लगाई। युवी ने उन्हें अनुशासन सिखाया और सुबह 5 बजे उठने की आदत डलवाई। इसी सख्त मार्गदर्शन ने अभिषेक को आज का चमकता सितारा बनाया।
अभिषेक शर्मा और युवराज सिंह की दोस्ती के बारे में हर भारतीय क्रिकेट फैन जानता है। सनराइजर्स हैदराबाद के इस युवा बल्लेबाज़ ने खुद कई बार माना है कि युवराज सिंह की गाइडेंस ने उनके करियर को नई दिशा दी। हाल ही में पंजाब किंग्स के खिलाफ उनकी रिकॉर्डतोड़ 141 रन की पारी के बाद भी अभिषेक ने युवी का शुक्रिया अदा किया था, और युवराज ने भी उनकी मैच्योरिटी की खूब तारीफ की थी।
अब योगराज सिंह ने Cricket Next से बात करते हुए इस दोस्ती के पीछे की कहानी बताई है। योगराज ने खुलासा किया कि युवराज ने अभिषेक को पहली बार पंजाब के जूनियर क्रिकेट टूर्नामेंट्स में खेलते देखा था। जब युवी ने पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) से अभिषेक के आंकड़े मंगवाए तो वहां से जवाब मिला- "वो तो एक बॉलर है।" लेकिन जब युवी ने खुद रिकॉर्ड देखे तो पता चला कि अभिषेक पहले ही 24 शतक जमा चुके थे। युवराज ने फौरन कहा, "ये लोग गलत जानकारी दे रहे हैं।"