ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे में भारत महिला टीम को अच्छा स्टार्ट मिला था, लेकिन एक गलती भारी पड़ गई। हरमनप्रीत कौर के साथ तालमेल की कमी के चलते अर्धशतक जड़ने के बाद प्रतिका रावल रन-आउट हो गईं और टीम को बड़ा झटका लग गया।
होबार्ट के बेलेरिव ओवल में शुक्रवार (27 फरवरी) को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए दूसरे वनडे में भारतीय महिला टीम ने शुरुआत तो शानदार की, लेकिन गलतफहमी ने पूरा गेम पलट दिया। अच्छी लय में बल्लेबाजी कर रहीं भारतीय बल्लेबाज प्रतिका रावल एक ऐसे रन-आउट का शिकार हुईं, जिसने भारत की पारी की रफ्तार तोड़ दी।
दरअसल, पारी का 23वां ओवर चल रहा था। ऑस्ट्रेलिया की स्पिनर अलाना किंग ने मिडल स्टंप पर गेंद फ्लाइट की। रावल ने ड्राइव करते हुए मिड-ऑन की दिशा में शॉट लगाया और तुरंत सिंगल के लिए दौड़ पड़ीं। लेकिन नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़ी कप्तान हरमनप्रीत कौर ने रन लेने से इनकार कर दिया।