आईपीएल 2026 का 62वां मुकाबला रविवार (17 मई) को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला जा रहा है। इस मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स की टीम एक समय काफी मजबूत स्थिति में नजर आ रही थी, लेकिन अनुभवी तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने एक ही ओवर में पूरा मैच पलट दिया।
दरअसल, राजस्थान के कप्तान रियान पराग शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे। उन्होंने ध्रुव जुरेल के साथ तीसरे विकेट के लिए 41 गेंदों में 72 रन की अहम साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया था। 14.1 ओवर में राजस्थान का स्कोर 161 रन तक पहुंच चुका था और ऐसा लग रहा था कि टीम आसानी से 220 के पार चली जाएगी।
ऐसे समय में दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने गेंद मिचेल स्टार्क को थमाई और ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज ने इस ओवर में कहर बरपा दिया। 15वें ओवर की दूसरी गेंद पर स्टार्क ने ऑफ स्टंप के बाहर फुल लेंथ गेंद डाली। रियान पराग ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले के निचले हिस्से पर लगी और लॉन्ग ऑन पर खड़े अक्षर पटेल ने शानदार कैच पकड़ लिया। पराग की तूफानी पारी 26 गेंदों में 51 रन बनाकर खत्म हुई।