AFG vs ZIM 1st Test: अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच गुरुवार (5 नवंबर) से शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में पहला टेस्ट मुकाबला खेला जा रहा है। मैच में टॉस जीतकर जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम के सलामी बल्लेबाज बेन करन और इनोसेंट काइया ने शुरुआत में संभलकर बल्लेबाजी की और पहले विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी कर टीम को ठीक-ठाक शुरुआत दिलाई।
हालांकि, अफगानिस्तान को पहली सफलता क़ैस अहमद ने दिलाई, जिन्होंने इनोसेंट काया को 34 रन के निजी स्कोर पर आउट किया। इसके बाद बेन करन ने ब्रेंडन टेलर के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। दोनों के बीच साझेदारी आगे बढ़ रही थी, लेकिन तभी अफगानिस्तान के दाएं हाथ के युवा 24 वर्षीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सलीम ने अपनी शानदार गेंद से जिम्बाब्वे के सलामी बल्लेबाज को पूरी तरह चौंका दिया।
दरअसल, पारी के 35वें ओवर की पांचवी गेंद में सलीम राउंड द विकेट गेंदबाजी करने आए। उन्होंने बेन करन के लिए सीधे स्टंप्स की जड़ पर सटीक यॉर्कर डाली। करन इस गेंद को रोकने के लिए अपना बल्ला नीचे लाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन वह गेंद की रफ्तार और सटीकता को भांपने में देर कर गए। उनका बल्ला नीचे आने से पहले ही गेंद सीधे स्टंप्स से जा टकराई और गिल्लियां बिखर गईं।