आईपीएल 2026 से पहले सभी टीमें अपनी तैयारियों को अमली जामा पहनाने में जुटी हुई हैं। हर बार की तरह इस बार भी राजस्थान रॉयल्स पर ज्यादातर फैंस की निगाहें होंगी क्योंकि इस टीम में वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल और रविंद्र जडेजा जैसे खिलाड़ी हैं लेकिन एक खिलाड़ी ऐसा भी है जिसके बारे में बहुत कम बात हो रही है लेकिन वो अपनी टीम के लिए ट्रंपकार्ड साबित हो सकता है।
वो खिलाड़ी कोई और नहीं बल्कि किसी समय चेन्नई सुपर किंग्स के बॉलिंग अटैक की जान रहे तुषार देशपांडे हैं। तुषार इस सीजन में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलने वाले हैं और सीजन से पहले वो जमकर अभ्यास भी कर रहे हैं। हालांकि, अमूमन गेंद से अभ्यास करने वाले तुषार इस बार बल्ले से भी जमकर प्रैक्टिस कर रहे हैं और ऐसा लगता है कि शायद राजस्थान का खेमा उनकी बल्लेबाजी पर भी विश्वास जता रहा है।
सोशल मीडिया पर राजस्थान रॉयल्स ने देशपांडे का एक वीडियो शेयर किया है जिसमें तुषार फैंस को गुडी पडवा की बधाई देते नजर आ रहे हैं और बाद में बल्लेबाजी के दौरान नेट्स में जमकर चौक-छक्के भी लगाते हैं। ये वीडियो देखकर ऐसा लगता ही नहीं कि कोई बॉलर नेट्स में बैटिंग कर रहा है बल्कि ऐसा लगता है कि कोई प्रोपर बल्लेबाज बैटिंग कर रहा है और यकीन मानिए अगर इस सीजन में तुषार अपनी बल्लेबाजी से भी राजस्थान को कुछ मैच जिता दें तो कोई अतिश्योक्ति नहीं होनी चाहिए क्योंकि वो घरेलू टूर्नामेंट में कई बार ये कारनामा कर चुके हैं।