महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने अपने अभियान की शुरुआत पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से की। बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर रविवार (14 जून) को खेले जा रहे इस मैच में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम की स्टार ओपनर स्मृति मंधाना ने इस बड़े मुकाबले में शानदार अर्धशतकीय पारी खेलते हुए इतिहास रच दिया।
भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। शेफाली वर्मा सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हो गईं, जबकि जेमिमा रोड्रिग्स भी 1 रन बनाकर पावरप्ले के भीतर पवेलियन लौट गईं। शुरुआती झटकों के बाद स्मृति मंधाना ने कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ मिलकर पारी को संभाल लिया।
दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 64 गेंदों में 91 रन की शानदार साझेदारी की। इस साझेदारी ने भारत को मुश्किल स्थिति से बाहर निकालते हुए मजबूत स्कोर की नींव रखी। हरमनप्रीत कौर ने 35 गेंदों में 36 रन बनाए, जबकि स्मृति मंधाना ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों पर 68 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 9 चौके और 2 छक्के शामिल रहे।