भारतीय क्रिकेट के नए सितारे वैभव सूर्यवंशी को लेकर बीसीसीआई ने एक खास और अहम फैसला लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक 15 वर्षीय बल्लेबाज के आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर उनके माता-पिता भी साथ जा सकते हैं।
शनिवार (6 जून) को वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुना गया। इसके साथ ही उन्हें एशियन गेम्स 2026 की टीम में भी जगह मिली है। महज 15 साल और 71 दिन की उम्र में टीम इंडिया की सीनियर टीम में चुने जाने वाले वह सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने 36 साल पुराना सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।
वैभव का चयन आईपीएल 2026 में उनके शानदार प्रदर्शन के बाद हुआ है। राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए उन्होंने 776 रन बनाए और ऑरेंज कैप अपने नाम की। वहीं इस दौरान उन्होंने 237 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर सभी को प्रभावित किया।