ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 में पुरुष एकल फाइनल का स्टेज तैयार है। रविवार को फाइनल मुकाबला 24 बार के ग्रैंड स्लैम विजेता सर्बिया के नोवाक जोकोविच और अपना करियर ग्रैंड स्लैम पूरा करने की कोशिश में जुटे स्पेन के कार्लोस अल्काराज के बीच होना है। भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने फाइनल मुकाबले में कार्लोस अल्काराज का समर्थन किया है।
बीसीसीआई द्वारा एक्स पर शेयर एक वीडियो में ईशान किशन ने कहा, "मैं निजी तौर पर चाहता हूं कि अल्काराज जीते क्योंकि मुझे लगता है कि वह जिस तरह से खेलता है, वह काफी हद तक हमारे खेलने के तरीके जैसा है। वह थोड़ा तेज है। जब भी कोई गैप होता है, तो वह उसे हिट करने की कोशिश करता है। वह देखता नहीं है, सब्र नहीं दिखाता है।"
किशन का मानना है कि अल्काराज का आक्रामक खेल और मौकों को भुनाने की इच्छा उसे बड़े मैचों में एक रोमांचक खिलाड़ी बनाती है। जोकोविच जैसे अनुभवी चैंपियन के खिलाफ भी वह बेहद असरदार है।