IPL Qualifier: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की शुरुआत शनिवार से होने जा रही है, जिससे पहले बांग्लादेश सरकार ने अपने देश में इस लीग के प्रसारण के लिए दरवाजे खोल दिए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नवनियुक्त सूचना और प्रसारण मंत्री जहीर उद्दीन स्वपन ने कहा है कि बांग्लादेश में आगामी आईपीएल सीजन के प्रसारण पर कोई रोक नहीं है।
'डॉयचे वेले' के मुताबिक, जहीर उद्दीन स्वपन ने कहा, "आईपीएल प्रसारण के लिए किसी ने भी हमसे आवेदन नहीं किया है। हम खेल में राजनीति को नहीं मिलाना चाहते। हम इसे एक व्यावसायिक नजरिए से देखेंगे। अगर कोई चैनल आईपीएल के प्रसारण के लिए आवेदन करता है, तो हम उस पर सकारात्मक रूप से विचार करेंगे।"
इससे पहले, युवा और खेल मामलों के राज्य मंत्री अमीनुल हक ने 'क्रिकबज' को बताया था कि वह पिछली अंतरिम सरकार की ओर से आईपीएल प्रसारण पर बैन लगाए जाने के बाद इसके संबंध में संबंधित अधिकारियों से बात करेंगे।