Chennai Super Kings: आईपीएल 2026 के 37वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की भिड़ंत रविवार को गुजरात टाइटंस (जीटी) के साथ हो रही है। एमए चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम में संजू सैमसन ने महज 11 रन बनाकर बड़ी उपलब्धि को अपने नाम कर लिया है।
संजू सैमसन ने 15 गेंदों का सामना करते हुए 2 चौकों की मदद से 11 रन बनाए। संजू ने अपनी इस पारी के दौरान आईपीएल में 5 हजार रन पूरे कर लिए हैं। गेंदों के लिहाज से संजू सैमसन आईपीएल में सबसे तेज 5 हजार रन पूरे करने वाले तीसरे बल्लेबाज बने हैं। उन्होंने इस मामले में सुरेश रैना को पीछे छोड़ दिया है।
संजू ने 5 हजार रन 3,555 गेंदें खेलकर पूरे किए हैं। वहीं, रैना ने यह मुकाम 3,620 गेंदें खेलकर हासिल किया था। आईपीएल इतिहास में सबसे तेज 5 हजार रन पूरे करने का रिकॉर्ड एबी डिविलियर्स के नाम है, जिन्होंने यह उपलब्धि 3,288 गेंदें खेलकर हासिल की थी। टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सीएसके की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम को 21 रनों के स्कोर पर पहला झटका संजू सैमसन के रूप में लगा।